
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कनखल क्षेत्र में गौवंश चोरी का मामला सामने आया है। पिकअप वाहन में बछड़ों को चोरी कर ले जा रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही दबोच लिया। लोगों को देखते ही दोनों आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन भीड़ ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने दोनों की पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना गुरुकुल कांगड़ी के पीछे अमला बाग क्षेत्र की बताई जा रही है। बाल्मीकि बस्ती की ओर से शोर मचने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां पिकअप में बछड़ों को ले जाया जा रहा था। लोगों ने घेराबंदी की तो आरोपी वाहन छोड़कर फरार होने लगे, लेकिन कुछ ही दूरी पर पकड़ लिए गए।
पकड़े गए युवकों ने अपने नाम मुनीर पुत्र दिलशाद निवासी मौहल्ला टोली थाना मंगलौर जिला हरिद्वार व आमीर कुरैशी पुत्र इद्रीश निवासी जौरासी थाना सिविल लाईन रुडकी बताया है। आरोप है कि दोनों गौवंश को चोरी कर ले जा रहे थे। मौके पर जमा भीड़ ने आक्रोश में आकर दोनों की जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
आरोपियों के कब्जे से दो बछड़े और एक पीकअप वाहन बरामद किया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसको लेकर पुलिस जांच में जुटी है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई धनराम शर्मा, अपर उपनिरीक्षक अतर सिह व महिला कांस्टेबल प्रियका रावत शामिल रही।



