
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: मामूली बात को लेकर शादी में हुए विवाद के बाद रिश्ते के मामा ने भांजे को गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया। देर रात तक पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

पुलिस के मुताबिक, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के अकोढा कला गांव निवासी विशाल उर्फ वीसी (21 वर्ष) पुत्र शिवकुमार शुक्रवार को अपने चाचा के बेटे रितिक व प्रतीक के साथ ओसपुर गांव में अपनी रिश्तेदारी में शादी में गया था। बताया गया कि शादी में उसके चाचा जगबीर का साला यानि रिश्ते का मामा रजनीश निवासी सिरसका थाना नकुड जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश भी मौजूद था। उसने शराब पी हुई थी। नशे की हालत में किसी बात को लेकर उसकी विशाल के साथ कहासुनी व हाथापाई हो गई। उस वक़्त मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को समझा-बुझाकर अलग कर दिया गया। इसके बाद विशाल अपने गांव अकोढा वापस लौट आया। शाम के समय विशाल अपने घेर में मौजूद था। तभी रजनीश उसके घेर मे पहुंचा और तमंचा निकालकर विशाल के माथे पर गोली मार दी। जिस पर वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली मारने के बाद रजनीश मौके से भाग निकला। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीओ हेमेंद्र सिंह नेगी, कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट, एसएसआई अंकुर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी