
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी हरिद्वार की चौकसी रंग लाई। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में जेबकतरों और उठाईगीरों को दबोचने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी वारदातों को अंजाम देने के बाद नशे की जरूरतें पूरी करते थे। कप्तान तृप्ति भट्ट के कड़े निर्देश, एएसपी अरुणा भारती और सीओ स्वप्निल मुयाल के पर्यवेक्षण में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कलियर और ब्रह्मपुरी (देहरादून) के रहने वाले दोनों आरोपी स्टेशन पर और ट्रेनों में मौका मिलते ही यात्रियों के सामान पर हाथ साफ कर देते थे।
इंस्पेक्टर बिपिन चन्द्र पाठक के नेतृत्व ने पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
—————————————
पहला मामला…..11 अक्टूबर को बलिया निवासी सोनू गुप्ता और उनके साथी रामजी यादव हरिद्वार रेलवे स्टेशन से सूबेदारगंज एक्सप्रेस से प्रयागराज जाने पहुंचे थे। ट्रेन में चढ़ते समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोनू गुप्ता का पर्स चोरी कर लिया। यात्रियों ने सतर्कता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
जीआरपी हरिद्वार में मुकदमा दर्ज कर आरोपी शौकीन अली (28) पुत्र फुरकान अली निवासी ब्रह्मपुरी, थाना पटेल नगर, देहरादून को जेल भेज दिया गया।
—————————————
बरामदगी: पर्स, 300 रुपये नकद और आधार कार्ड।
—————————————
दूसरा मामला…..उसी दिन मधेपुरा, बिहार निवासी करन कश्यप ट्रेन की जानकारी लेने इंक्वायरी काउंटर पर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका ट्रॉली बैग चोरी कर लिया, जिसमें कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। जीआरपी हरिद्वार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी जावर अली (35) पुत्र नजीर मोहम्मद निवासी जवाईखेड़ा, थाना कलियर, हरिद्वार को चुराए गए ट्रॉली बैग सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
—————————————
बरामदगी: सफारी कंपनी का ट्रॉली बैग, कपड़े और दस्तावेज।
—————————————
पुलिस टीम…..
एसआई सुशील तिवारी,
हेड कांस्टेबल पृथ्वी नेगी,
कांस्टेबल जाहुल मिर्जा।
—————————————
जीआरपी हरिद्वार की त्वरित कार्रवाई पर यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सराहना जताई है।