अपराधहरिद्वार

“सत्यापन अभियान से मचा हड़कंप: सिडकुल पुलिस ने 407 लोगों की जांच कर 50 मकान मालिकों पर 5 लाख का ठोका जुर्माना..

महादेवपुरम व रावली महदूद में ड्रोन की निगरानी में चला अभियान, संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर..

खबर को सुनें

पंच👊नामा ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस के औचक सत्यापन अभियान से किरायेदारों और मकान मालिकों में हड़कंप मच गया। महादेवपुरम और रावली महदूद इलाके में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने 407 लोगों का सत्यापन किया, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाले 50 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 5 लाख रुपये का चालान किया गया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में खासी हलचल देखने को मिली।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में किरायेदारों और घरेलू नौकरों का डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनका रिकॉर्ड तैयार करने और सत्यापन प्रक्रिया को तेज करने के सख्त निर्देश दिए थे।इसी क्रम में थाना सिडकुल प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर महादेवपुरम और रावली महदूद क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान किरायेदारों से उनके मूल निवास, कार्यस्थल, परिवार के सदस्यों और उनके व्यवसाय से संबंधित जानकारी एकत्र कर फोटो सहित एक विस्तृत डाटा बेस तैयार किया गया, जिससे भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में संदिग्धों को तत्काल ट्रेस किया जा सके।पुलिसएसएसआई देवेंद्र तोमर की टीम ने अभियान के दौरान ड्रोन कैमरे की मदद से भी इलाके पर नजर रखी, ताकि सत्यापन के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र से फरार न हो सके। मोहल्लों में घूम-घूमकर मकानों की जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।सत्यापन के दौरान करीब 20 ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया, जो मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और अपनी पूरी जानकारी देने में भी असमर्थ रहे। पुलिस उनसे पूछताछ कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।पुलिस का कहना है कि सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन को सोशल मीडिया, लाउडस्पीकर और अन्य माध्यमों से किरायेदारों व घरेलू सहायकों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!