“अर्धकुंभ की तैयारी में गंगनहर की चौड़ाई से छेड़छाड़! 6 फीट तक सिकुड़ सकती है नहर, कई कॉलोनियों पर मंडराया बाढ़ का खतरा..
घाट बनाने के लिए रिटेनिंग वॉल और पटरी को किया जा रहा चौड़ा, घट रहा नहर का जल प्रवाह क्षेत्र; यूपी सिंचाई विभाग से एनओसी लिए बिना निर्माण कराने पर उठे सवाल, अधिशासी अभियंता ने उत्तराखंड को भेजा नोटिस..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। अर्धकुंभ मेले की तैयारियों के बीच गंगनहर की सुरक्षा और आसपास बसी आवासीय कॉलोनियों के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। श्रद्धालुओं के स्नान के लिए नए घाट विकसित करने की योजना के तहत गंगनहर की बायीं पटरी पर करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि घाटों के निर्माण के लिए रिटेनिंग वॉल और पटरी को पांच से छह फीट तक चौड़ा किया जा रहा है। इससे गंगनहर का जल प्रवाह क्षेत्र (वेटेड क्रॉस-सेक्शन) सिकुड़ रहा है। सवाल यह है कि अर्धकुंभ की तैयारियों में घाटों और कांवड़ पटरी की चौड़ाई बढ़ाने की प्राथमिकता के बीच गंगनहर की जल निकासी क्षमता और सुरक्षा का आकलन किया गया है या नहीं?
इस निर्माण को लेकर सबसे बड़ी चिंता यह है कि नहर का जल प्रवाह क्षेत्र कम होने से समान मात्रा में पानी छोड़े जाने पर जल का वेग बढ़ सकता है और जलस्तर भी ऊपर उठ सकता है। ऐसी स्थिति में नहर के ओवरफ्लो होने या किनारों पर दबाव बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसका सीधा खतरा गोविंदपुरी, नया हरिद्वार, कृष्णानगर समेत गंगनहर के आसपास बसी कई आवासीय कॉलोनियों पर मंडरा सकता है। इन क्षेत्रों में नहर का पानी आबादी तक पहुंचने की आशंका ने स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है।
वरिष्ठ पत्रकार रत्नमणि डोभाल ने निर्माण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड सिंचाई पुनर्वास खंड बिना पर्याप्त तकनीकी अध्ययन और उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से परामर्श किए जल्दबाजी में घाटों का निर्माण करा रहा है। उन्होंने कहा कि मायापुर से ज्वालापुर तक करीब छह किलोमीटर लंबी गंगनहर को पहले चौड़ा कर उसकी जल वहन क्षमता 10 हजार से बढ़ाकर 13,500 क्यूसेक की गई थी। इसका उद्देश्य दिल्ली समेत अन्य क्षेत्रों को पेयजल उपलब्ध कराने के साथ निर्धारित जल प्रवाह बनाए रखना था। ऐसे में यदि नहर का जल प्रवाह क्षेत्र घटाया गया तो 14 हजार क्यूसेक पानी आने की स्थिति में जलस्तर बढ़ने और आसपास की कॉलोनियों के लिए गंभीर खतरा पैदा होने की आशंका है।
बिना एनओसी निर्माण, यूपी सिंचाई विभाग ने उठाए सवाल…..
मामले का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू दोनों राज्यों के बीच अधिकार और अनुमति का है। गंगनहर का संचालन आज भी उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के उत्तरी खंड गंगनहर के पास है। इसके बावजूद उत्तराखंड की कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण से पहले यूपी सिंचाई विभाग से लिखित एनओसी नहीं लिए जाने का मामला सामने आया है। उत्तरी खंड गंगनहर, रुड़की के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की ओर से इस निर्माण के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है।
उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड के संबंधित विभाग को नोटिस भेजकर निर्माण की ड्राइंग, तकनीकी रिपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज तलब किए हैं। अब सवाल यह है कि जब गंगनहर के संचालन की जिम्मेदारी यूपी सिंचाई विभाग के पास है तो उसकी सहमति के बिना नहर के मूल स्वरूप और जल प्रवाह क्षेत्र में बदलाव कैसे किया जा रहा है?
राज्य गठन के 26 साल बाद भी नहीं सुलझा अधिकारों का विवाद….
गौरतलब है कि नौ नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से ही गंगनहर के संचालन, परिसंपत्तियों और भूमि के स्वामित्व को लेकर दोनों राज्यों के सिंचाई विभागों के बीच विवाद चला आ रहा है। ऐसे में बिना स्पष्ट सहमति के हो रहा नया निर्माण इस विवाद को और गहरा सकता है।
अब सबसे अहम सवाल यह है कि क्या अर्धकुंभ के लिए बनाए जा रहे घाटों की डिजाइन तैयार करते समय गंगनहर की मूल जल वहन क्षमता, अधिकतम डिस्चार्ज और आसपास की आबादी की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई? क्या निर्माण से पहले कोई स्वतंत्र तकनीकी अध्ययन कराया गया? और यदि भविष्य में जलस्तर बढ़ने से आवासीय कॉलोनियों को नुकसान पहुंचता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
अर्धकुंभ के लिए बेहतर घाट और सुविधाएं विकसित करना जरूरी है, लेकिन इसके लिए गंगनहर की सुरक्षा और हजारों लोगों की आबादी को जोखिम में नहीं डाला जा सकता। ऐसे में निर्माण की तकनीकी जांच और दोनों राज्यों के सिंचाई विभागों के बीच समन्वय के बाद ही आगे की कार्रवाई किया जाना जरूरी है।



