“योगेंद्र रावत बने आईजी कुंभ, आयुष अग्रवाल मेला एसएसपी; श्वेता चौबे टिहरी की नई एसएसपी, विशाखा भड़ाने आईआरबी द्वितीय भेजी गईं..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को मजबूत करने के लिए शासन और पुलिस मुख्यालय ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल किया है। कुंभ मेले के सुचारु संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
योगेंद्र रावत को आईजी कुंभ और आयुष अग्रवाल को मेल एसएसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारी हरिद्वार में पहले तैनात रह चुके हैं और क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, भीड़ प्रबंधन तथा कुंभ मेले की चुनौतियों का अच्छा अनुभव रखते हैं।
योगेंद्र रावत हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं, जबकि आयुष अग्रवाल भी एएसपी के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में कुंभ मेले में उनकी तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थापन को मजबूत करने में बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
वहीं प्रशासनिक फेरबदल के तहत श्वेता चौबे को टिहरी का नया एसएसपी बनाया गया है, जबकि विशाखा भड़ाने को आईआरबी द्वितीय भेजा गया है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से
कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक कंट्रोल, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा। कुंभ मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह तैनाती महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रशासन और पुलिस विभाग ने साफ किया है कि कुंभ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है, जिसके लिए अनुभवी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।



