अपराधदेहरादून

“विधायक’ लिखी काली स्कॉर्पियो में फर्राटा भर रहे युवक, दून पुलिस ने एक झटके में उतारा रौब..

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर दून में शुरू हुआ "ऑपरेशन नाइट वॉच" अभियान, देर रात हुड़दंगियों पर कसा जा रहा शिकंजा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: देर रात सड़कों पर हुड़दंग और रौब दिखाने वाले युवकों पर दून पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। “ऑपरेशन नाइट वॉच” के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस ने एक ऐसी स्कॉर्पियो को पकड़ लिया, जिस पर “विधायक” लिखकर हूटर लगाया गया था और काले शीशों के साथ तेज रफ्तार में फर्राटा भरा जा रहा था। पुलिस ने वाहन को सीज कर सवार युवकों को सख्त हिदायत दी।एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपदभर में रात्रि के समय हुड़दंग करने वाले छात्रों और युवकों के खिलाफ विशेष अभियान “ऑपरेशन नाइट वॉच” चलाया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्धों की सघन चेकिंग कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।पुलिस के अनुसार, देर रात थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस पोस्ट ऑफिस रोड पर चेकिंग कर रही थी, तभी यूपी नंबर की एक स्कॉर्पियो को रोका गया। गाड़ी पर “विधायक” लिखा था और हूटर लगा हुआ था। जांच में पाया गया कि चालक ने केवल रौब जमाने के लिए यह सब किया था। पूछताछ में चालक मोहम्मद सोहेल (22 वर्ष), निवासी मुरादाबाद, ने बताया कि उसके पिता एक विधायक के साथ रहते हैं, इसी कारण उसने गाड़ी पर “विधायक” लिखवा लिया ताकि पुलिस वाहन को आसानी से न रोके।वाहन में कुल छह युवक सवार थे, जो रात्रि में तेज रफ्तार और संदिग्ध तरीके से घूम रहे थे। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि विश्वविद्यालय और कॉलेजों में पढ़ाई के नाम पर देर रात सड़कों पर हुड़दंग, गुटबाजी या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में न सिर्फ कानूनी कार्रवाई होगी, बल्कि संबंधित शिक्षण संस्थानों से निष्कासन तक की कार्रवाई भी सुनिश्चित कराई जाएगी। पुलिस ने यह भी साफ किया है कि “ऑपरेशन नाइट वॉच” के तहत शहर से लेकर देहात तक लगातार स्थान बदल-बदल कर चेकिंग की जाएगी, ताकि अराजक तत्वों पर पूरी तरह नकेल कसी जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!