“गृहमंत्री अमित शाह को ज्ञापन देने जा रही महिला कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोका, प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने लगाए आरोप..
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति पर मुकदमा, उधमसिंहनगर के सुखवंत सिंह हत्याकांड की सीबीआई जांच व एसएसपी पर कार्रवाई की मांग..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। गृहमंत्री अमित शाह से मिलने और उन्हें ज्ञापन देने जा रही महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला व अन्य महिला नेताओं को पुलिस ने बीती रात श्यामपुर क्षेत्र में रोक लिया।
कई घंटे तक हाईवे पर रोके जाने के बाद महिला नेताओं को पुलिस हरिद्वार लेकर आई। इसके बाद प्रशासन से वार्ता हुई, जिसमें एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार को गृहमंत्री अमित शाह के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगों पर फोकस किया गया। महिला कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने, उधमसिंहनगर के सुखवंत सिंह हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने और बिहार की महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। इसके साथ ही एसएसपी मणिकांत मिश्रा पर कार्रवाई की मांग भी शामिल है।
सिडकुल क्षेत्र के एक होटल में हुई वार्ता के दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी देहात शेखर सुयाल, सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा और एलआईयू के अधिकारी भी मौजूद रहे। वार्ता के बाद ज्ञापन सौंपे जाने पर मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने पुलिस पर अवैध रूप से हिरासत में रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्वक ज्ञापन देने जा रहे महिला प्रतिनिधिमंडल को रात में रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी, हरिद्वार कांग्रेस नेता वरुण बालियान सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। महिला कांग्रेस नेताओं में प्रदेश महासचिव सईदा कुरैशी, नलिनी दीक्षित, महानगर महिला अध्यक्ष लता जोशी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष अंजू, प्रदेश महासचिव शशि झा, महानगर महिला उपाध्यक्ष मंजू गोस्वामी, रंजना और महानगर महिला महामंत्री मधु शर्मा भी साथ रहीं।



