चांद का दीदार कर सुहागिनों ने खोला व्रत, सीएम धामी से लेकर हरिद्वार तक देखें परफेक्ट कपल..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून/हरिद्वार: चांद का दीदार होते ही सुहागिनों ने करवा चौथ का व्रत खोल पति की लंबी उम्र की मन्नत मांगी। इससे पहले सुहागिनों ने दिन भर निर्जल व्रत रखा। घर-घर हुई पूजा-अर्चना के बाद कथा के माध्यम से विवाहिताओं ने करवा चौथ के महत्व और व्रत के पुण्य के बारे में जाना। देहरादून में पुष्कर सिंह पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी ने चांद दिखने पर अपना करवाचौथ का व्रत खोला।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और उनकी पत्नी मुन्नी भट्ट ने भी देहरादून में करवा चौथ का व्रत त्यौहार मनाया। इसी तरह हरिद्वार और रुड़की में भी करवा चौथ की धूम रही।
करवाचौथ का पर्व शहर और आसपास क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया। नवविवाहिताओं में करवाचौथ का क्रेज सबसे अधिक देखा गया। सुबह से ही महिलाओं ने निर्जल व्रत रख शाम की पूजा की तैयारियां शुरू कर दी थी।
सजना-संवरना भी साथ ही जारी रहा। कई स्थानों पर करवा चौथ व्रत की कथा का आयोजन किया गया।करवाचौथ पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। पति की लंबी उम्र को लेकर गुरुवार सुबह से महिलाओं ने निर्जल व्रत रखा।
शाम को हर किसी को चांद निकलने का इंतजार रहा। चांद का दीदार होने के बाद सुहागिनों ने चांद की पूजा व अर्घ्य देकर छलनी से जीवनसाथी का चेहरा देखा और इसके बाद व्रत तोड़ा।
वहीं, मोहल्लों में महिलाएं एक स्थान पर एकत्रित हुए और श्रृंगार व पूजन तैयारी में एक दूसरे का सहयोग किया। महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों में मेहंदी रचाई।
जगह-जगह महिलाओं ने समूह में बैठकर करवाचौथ की पूजा की।
—————————————पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर की पूजा…
अखंड सुहाग की कामना के लिए मनाया जाने वाला पर्व करवाचौथ उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिनों ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर पूजा की। महिलाओं ने अलग-अलग टोलियां बनाकर भगवान शिव के परिवार की विधिवत पूजा की और अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा।
———————————— जो घर से दूर उन्होंने आनलाइन खुलवाया व्रत…
करवाचौथ पर कई लोग विभिन्न कारणों से अपने जीवनसाथी के साथ नहीं थे। ऐसे में तकनीक ने दोनों के बीच प्यार की डोर बांधी। स्मार्टफोन पर वीडियो काल के माध्यम से कई सुहागिनों ने पति का दीदार किया और इसके बाद व्रत खोला।