
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: महाशिवरात्रि पर्व से पहले मिलावट पर शिकंजा कसते हुए हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में टीम ने देर रात तक छापेमारी कर 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
इब्राहिमपुर स्थित एक डेरी और पनीर निर्माण इकाई पर की गई कार्रवाई में फैक्ट्री बिना फूड लाइसेंस के संचालित मिल गई। मौके पर आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। टीम ने तत्काल इकाई को अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया। यहां से पनीर और दही के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए। छापेमारी के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के मुताबिक महाशिवरात्रि को देखते हुए खाद्य सामग्री में मिलावट रोकने के लिए जनपदभर में अभियान तेज किया गया है। कांवड़ पटरी मार्ग पर चंडी पुल से चिड़ियापुर तक अस्थायी स्टॉल और भंडारों की जांच की गई। दुकानदारों को साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, रेट लिस्ट चस्पा करने और खाद्य पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। इंडस्ट्रियल एरिया में कोल्ड ड्रिंक के दो गोदामों का निरीक्षण कर माजा और फेंटा के नमूने जांच के लिए लिए गए। अनियमितताएं मिलने पर दोनों स्टोरेज संचालकों को नोटिस जारी किया गया।
वहीं पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र में चल रहे अस्थायी और स्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच में तीन दुकानों के पास फूड लाइसेंस नहीं मिला, जिन पर नोटिस थमाया गया। एक रेस्टोरेंट में छह एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि महाशिवरात्रि तक अभियान लगातार जारी रहेगा और मिलावट या नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



