
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जनपद के लक्सर क्षेत्र में हुए सेवादार ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित टीम ने महज़ चंद दिनों में इस सनसनीखेज वारदात की परतें खोलते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के पीछे की वजह चोरी का असफल प्रयास निकली, जिसने एक बुजुर्ग सेवादार की जान ले ली।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा करते हुए बताया कि बीती 12 अप्रैल को भोगपुर स्थित मंदिर में सेवादार राजवीर की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। साथ ही पास के दूसरे मंदिर में हुई चोरी की घटना को भी जोड़कर जांच को आगे बढ़ाया गया।
सीओ लक्सर देवेन्द्र सिंह नेगी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग का सहारा लेते हुए घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को खंगाला और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। दोनों मंदिरों में हुई घटनाओं की कड़ियों को जोड़ते हुए संदिग्धों की तलाश तेज की गई।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी विशाल चौधरी को उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब वह चोरी किया गया सामान लेने के लिए टांडा भागमल क्षेत्र में पहुंचा था। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी, पेचकस, चोरी किया गया इन्वर्टर व एम्प्लीफायर बरामद किया गया।
आरोपी ने बताया कि वह शराब का आदी है और 11 अप्रैल की रात नशे में मंदिर में चोरी के इरादे से घुसा था। ताला तोड़ते समय खाट पर सो रहा बुजुर्ग जाग गया और उसे पकड़ने की कोशिश की। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से नगदी व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गया। इस ब्लाइंड मर्डर केस का तेज़ी से खुलासा करने पर क्षेत्रीय जनता ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
आरोपी का विवरण….
विशाल चौधरी (25 वर्ष) पुत्र परविंदर कुमार, निवासी अलमासपुर, थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर (उ.प्र.)
पुलिस टीम….…
सीओ लक्सर देवेन्द्र सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी, हेडकांस्टेबल रियाज अली, हेडकांस्टेबल पंचम प्रकाश, हेडकांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल गंगा सिंह, कांस्टेबल ध्वजवीर सिंह, कांस्टेबल वसीम (SOG) शामिल रहे।



