पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकले गौसेवकों के एक दल पर देर रात हमला हो गया। कनखल थाना क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप हुए विवाद के दौरान एक गौसेवक को गोली मार दी गई। घायल को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से पैदल लौट रहा था। बताया गया कि यह दल गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर गंगाजल लेकर यात्रा पर निकला था। देर रात हाईवे किनारे विश्राम के दौरान पास के पुल पर मौजूद कुछ युवकों से शोर-शराबे को लेकर कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच मामूली विवाद हुआ, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि पुल पर मौजूद युवक नीचे हाईवे किनारे पहुंचे और एक युवक ने तमंचा निकालकर अजय पर गोली चला दी। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। हालांकि जल्दबाजी में वे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए। पुलिस ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है।



