हरिद्वार

“हाईवे पर आग का गोला बनी लग्जरी बस, चीख-पुकार के बीच बाल-बाल बचे 32 यात्री..

देहरादून से दिल्ली-जयपुर जा रही थी बस, दो विदेशी नागरिक भी थे सवार, पुलिस और फायर टीम की तत्परता से सभी सुरक्षित, (देखें वीडियो)..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: तड़के सफर पर निकले यात्रियों के लिए वह पल किसी डरावने मंजर से कम नहीं था, जब तेज रफ्तार से दौड़ रही एक वोल्वो बस अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

हालांकि चालक और परिचालक की सूझबूझ व पुलिस और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

बुधवार तड़के करीब चार बजे बस संख्या एमपी-44 जेडसी-6994 देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर के लिए रवाना हुई थी। बस जब हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतारशाह से करीब 200 मीटर पहले पहुंची, तभी उसमें अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इंजन में तकनीकी खराबी बताई जा रही है।आग लगते ही चालक अरुण कुमार निवासी उदयपुर और परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को तुरंत बस से नीचे उतार दिया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी।घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं रुड़की से फायर टेंडर को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वोल्वो बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।बताया गया कि बस में दो विदेशी नागरिक भी सवार थे, जिन्हें अन्य यात्रियों के साथ सकुशल बाहर निकाल लिया गया। हालांकि अधिकांश यात्रियों का सामान बस में ही रह गया, जो आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक तौर पर बस चालक और परिचालक ने आग लगने का कारण इंजन में आई तकनीकी खराबी बताया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!