“दारोगा का बेटा बना डिप्टी एसपी, कप्तान ने दी शाबाशी, बढ़ाया हौंसला..
यूकेपीसीएस-2026 में तीसरी रैंक हासिल करने पर एसएसपी नवनीत सिंह ने किया सम्मानित..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक रणवीर चंद रमोला के बेटे मनीष रमोला ने यूकेपीसीएस-2026 परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल कर डिप्टी एसपी बनने का गौरव प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कैंप कार्यालय रोशनाबाद में पिता-पुत्र को सम्मानित कर बधाई दी और इसे पूरे पुलिस परिवार के लिए प्रेरणादायक बताया।
मनीष रमोला की सफलता से पुलिस महकमे में खुशी की लहर है। बुधवार को एसएसपी नवनीत सिंह ने कैंप कार्यालय में मनीष और उनके पिता उपनिरीक्षक रणवीर चंद रमोला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मनीष को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि मनीष की सफलता साबित करती है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के परिवारों के बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
मनीष रमोला ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीसीएस) परीक्षा-2026 में प्रदेशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उनकी नियुक्ति डिप्टी एसपी पद पर हुई है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और नियमित अध्ययन को दिया।
वर्तमान में रणवीर चंद रमोला ज्वालापुर कोतवाली में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी मनीष को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसएसपी ने कहा कि मनीष की उपलब्धि पुलिस विभाग के कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।



