हरिद्वार

“धामी सरकार ने 18 नेताओं को दिए दायित्व, श्री गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम भी बने दर्जाधारी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: धामी सरकार ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को विभिन्न निगमों, परिषदों एवं समितियों में दायित्व देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 18 और नेताओं की नियुक्तियां की हैं। शासन की ओर से जारी आदेशों के अनुसार विभिन्न जनपदों के नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।इन नियुक्तियों में हरिद्वार के वरिष्ठ भाजपा नेता व श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम को ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार एवं अनुश्रवण परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नितिन गौतम लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक और जनसेवा के कार्यों से जुड़े रहे हैं। वह विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष का दायित्व भी निभा चुके हैं। स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण परिषद में उनकी नियुक्ति को हरिद्वार और भाजपा संगठन में विशेष महत्व के रूप में देखा जा रहा है।शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार चंपावत के हुकम सिंह कुंवर को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि देहरादून के आचार्य संतोष खंडूड़ी को जनसंख्या विश्लेषण समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नैनीताल के देवेंद्र सिंह ढैला को उत्तराखंड बागवानी परिषद तथा ऊधम सिंह नगर की मोहिनी पोखरिया को राज्य स्तरीय सतर्कता समिति में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके अलावा ऊधम सिंह नगर के रामपाल को बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति, चंपावत के मनोज कालाकोटी को उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग और नैनीताल के हरीश चंद्र पांडे को सिंचाई सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है। चंपावत के सुभाष बगौली को पर्यटन विकास परिषद में सलाहकार (सतत पर्यटन) तथा चमोली के माधव सेमवाल को बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) में सलाहकार नियुक्त किया गया है।वहीं, देहरादून के मोहित शर्मा, डॉ. रणवीर सिंह, पारस गोयल, विशाल गुप्ता और ऋतु मित्रा को गढ़वाल मंडल विकास निगम में गैर सरकारी निदेशक बनाया गया है। ऊधम सिंह नगर के पुष्कर सिंह कोश्यारी, बागेश्वर के दयाल सिंह और चंपावत के रोहित बिष्ट को कुमाऊं मंडल विकास निगम में गैर सरकारी निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।भाजपा संगठन से जुड़े नेताओं का कहना है कि सरकार ने संगठन और समाज में सक्रिय कार्यकर्ताओं को दायित्व देकर उनकी सेवाओं को सम्मान दिया है। हरिद्वार में नितिन गौतम की नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!