अपराधहरिद्वार

“बीमार पत्नी से छुटकारा पाने को ‘पति’ रची खौफनाक साजिश, पांच महीने बाद खुला राज..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर, इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने जुटाए पुख्ता सुबूत, आरोपी गिरफ्तार..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; बीमारी से जूझ रही पत्नी की सेवा करने के बजाय उसे हमेशा के लिए मौत की नींद सुला देने वाले पति की सनसनीखेज करतूत का करीब पांच माह बाद पर्दाफाश हो गया। इलाज के नाम पर पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पत्नी को पिलाने के मामले में बहादराबाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ से मौत की पुष्टि होने के बाद यह मामला संदिग्ध मौत से हत्या में तब्दील हो गया और पुलिस ने फरार आरोपी को दबोचकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इस बहुचर्चित मामले की जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया गया। पुलिस ने घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की वैज्ञानिक तरीके से पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद सुरक्षित रखे गए बिसरे की एफएसएल जांच रिपोर्ट आने पर मौत का कारण जहरीले पदार्थ का सेवन सामने आया, जिसके बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया।प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में बहादराबाद पुलिस ने विवेचना को तेजी से आगे बढ़ाते हुए घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में स्पष्ट हुआ कि चार फरवरी 2026 को ग्राम मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने अपनी बहन की हत्या का आरोप उसके पति अफजाल पर लगाते हुए तहरीर दी थी। आरोप था कि अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहर मिलाकर पत्नी को पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार एफएसएल रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ से मौत की पुष्टि होने के बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। शनिवार को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल के पास मौजूद है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी वजह से उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। पुलिस ने आरोपी अफजाल (38) पुत्र मुस्लिम, निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक करम सिंह, कांस्टेबल अरुण चमोली व कांस्टेबल विकास थापा शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!