“टिहरी जाने से पहले हरिद्वार में रोके गए सांसद चंद्रशेखर, आईजी के आश्वासन के बाद लौटे, बोले- केतन को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक लड़ेंगे..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; टिहरी गढ़वाल में दलित युवक केतन की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को रविवार को हरिद्वार पुलिस ने शंकराचार्य चौक के समीप रोक लिया। उनके साथ खानपुर विधायक उमेश कुमार भी मौजूद रहे। सांसद को रोकने के दौरान मौके पर समर्थकों की भीड़ जुटने से हाईवे पर करीब तीन घंटे तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
पुलिस अधिकारियों ने चंद्रशेखर को टिहरी नहीं जाने के लिए समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने सांसद से फोन पर बातचीत की। आईजी ने उन्हें जल्द ही पीड़ित परिवार से मुलाकात कराने और मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद चंद्रशेखर हरिद्वार से वापस लौट गए।
मीडिया से बातचीत में सांसद चंद्रशेखर ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार में पुलिस ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, डंडा मारा और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। उन्होंने कहा कि दलित युवक केतन को न्याय दिलाने के लिए वह सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे और किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सांसद को रोका गया और उनसे लगातार बातचीत की गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान शंकराचार्य चौक और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। समर्थकों की भीड़ के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।



