हरिद्वार

“भेल के ईडी रंजन कुमार और प्रबंधक जेके पुंडीर के खिलाफ श्रम विभाग ने कोर्ट में दाखिल कराया परिवाद, बढ़ सकती हैं मुश्किलें..

पिछले साल भेल कारखाने के अंदर छत की मरम्मत के दौरान नीचे गिरकर युवक की हुई थी मौत, 8 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; बीएचईएल में काम के दौरान मजदूर की मौत के मामले में भेल के कार्यपालक निदेशक (ईडी) रंजन कुमार और कारखाना प्रबंधक जेके पुंडीर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। श्रम विभाग ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति बाला की अदालत में कारखाना अधिनियम के तहत परिवाद दाखिल कराया है। विभाग की ओर से हादसे में सुरक्षा मानकों और कार्य की निगरानी में लापरवाही को दुर्घटना की वजह बताया गया है। न्यायालय ने मामले में अगली सुनवाई के लिए आठ दिसंबर 2026 की तिथि नियत की है।उत्तराखंड राज्य की ओर से सहायक निदेशक कारखाना एवं बॉयलर हरिद्वार अमित किशोर थपलियाल ने यह परिवाद दाखिल किया है। परिवाद के अनुसार, 30 जुलाई 2025 को शाम करीब 6:30 बजे अश्वनी कुमार पुत्र शेर सिंह बीएचईएल के ब्लॉक नंबर एक में छत की मरम्मत का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह दूसरी लाइन के पांचवें हिस्से में पहुंचे, जहां पुरानी शीट टूट गई। शीट टूटने से अश्वनी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कंपनी की एंबुलेंस से भेल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद सहायक निदेशक कारखाना अमित किशोर थपलियाल ने आठ जून 2026 को अपने सहकर्मियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान भेल के एजीएम पार्थ सारथी गौड़ा, वर्कर अनिल कुमार और सुरक्षा अधिकारी सुधीर कुमार सिंह भी मौजूद रहे। निरीक्षण में सामने आया कि दुर्घटनास्थल पर सक्षम सुपरविजन की व्यवस्था होती तो हादसे को टाला जा सकता था। इसके साथ ही कार्य करने की पद्धति में भी खामियां पाई गईं।इन्हीं निरीक्षण निष्कर्षों के आधार पर श्रम विभाग ने ईडी रंजन कुमार और कारखाना प्रबंधक जेके पुंडीर के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दाखिल कर कारखाना अधिनियम के तहत संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। अब आठ दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर मामले की आगे की दिशा तय होगी।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!