हरिद्वार

“फर्जी खादिमों पर बढ़ा शिकंजे का दबाव, सीएम हेल्पलाइन से वक्फ बोर्ड तक पहुंचा मामला.!

दरगाह के अंदरूनी हिस्से में अनधिकृत हस्तक्षेप पर वक्फ बोर्ड गंभीर, जायरीनों की सुरक्षा, धार्मिक मर्यादा और कानून व्यवस्था को लेकर जताई चिंता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को लिखा पत्र..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की; पिरान कलियर स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में कथित फर्जी खादिमों की बढ़ती गतिविधियों, जायरीनों से अवैध वसूली की शिकायतों और दरगाह के अंदरूनी हिस्से में अनधिकृत हस्तक्षेप को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच अब उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने भी मामले में हस्तक्षेप किया है। पिछले कई दिनों से इस पूरे मामले को लेकर लगातार प्रकाशित हो रही खबरों और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के बाद वक्फ बोर्ड की ओर से रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट को पत्र भेजकर उचित कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। इससे दरगाह परिसर में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज होने के संकेत मिले हैं।उत्तराखंड वक्फ बोर्ड कार्यालय से जारी पत्र में दरगाह साबिर पाक, पिरान कलियर शरीफ मजार शरीफ के अंदरूनी हिस्से में अनधिकृत व्यक्तियों के हस्तक्षेप का मामला प्रमुखता से उठाया गया है। बोर्ड की मुख्य कार्यपालक अधिकारी दीप्ति सिंह की ओर से संयुक्त मजिस्ट्रेट, रुड़की को संबोधित इस पत्र में स्पष्ट किया गया है कि दरगाह के अंदरूनी हिस्से में अनधिकृत व्यक्तियों के हस्तक्षेप से संबंधित सूचनाएं समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर लगातार प्रकाशित हो रही हैं। इसके अलावा आमजन की ओर से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी इस संबंध में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। शिकायतों की प्रतियां भी पत्र के साथ संलग्न की गई हैं।धार्मिक स्थल की मर्यादा और जायरीनों की सुरक्षा का सवाल….
वक्फ बोर्ड ने अपने पत्र में दरगाह को एक ऐतिहासिक, धार्मिक व अत्यंत संवेदनशील स्थल बताते हुए कहा है कि यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मजार शरीफ के अंदरूनी हिस्से में अनधिकृत हस्तक्षेप से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होने के साथ सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका भी बनी रहती है। पत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने, वक्फ संपत्ति व उसकी धार्मिक मर्यादा को क्षति पहुंचने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधाएं प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।बोर्ड ने संयुक्त मजिस्ट्रेट से अपने स्तर पर समुचित कार्रवाई करते हुए प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कराने का अनुरोध किया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि इस समस्या के समाधान के लिए किसी दीर्घकालिक कार्ययोजना की आवश्यकता हो तो उसके सुझाव व विवरण प्राथमिकता के आधार पर बोर्ड को उपलब्ध कराए जाएं।तीन दिन से खबरें, अब जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की बारी…..
दरगाह में कथित फर्जी खादिमों की गतिविधियों और जायरीनों से अवैध वसूली की शिकायतों को लेकर लगातार तीन दिनों से खबरें प्रकाशित की जा रही हैं। सवाल यह है कि आखिर दरगाह परिसर में ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की है, उनकी ओर से अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं? यदि शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं और मामला मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक पहुंच चुका है तो फिर दरगाह प्रशासन की ओर से अब तक ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई जा सकी, जिससे जायरीनों को कथित अवैध वसूली और अनधिकृत हस्तक्षेप से राहत मिल सके?सबसे अहम सवाल दरगाह प्रबंधन की कार्यशैली को लेकर है। क्या परिसर में खादिमों की पहचान, उनकी अधिकृत स्थिति और जिम्मेदारियों का कोई प्रभावी सत्यापन तंत्र मौजूद है? यदि है तो फिर अनधिकृत लोगों की गतिविधियों की शिकायतें लगातार क्यों सामने आ रही हैं? और यदि व्यवस्था में कोई कमी है तो उसे दुरुस्त करने की जिम्मेदारी आखिर कौन उठाएगा?अब कार्रवाई से तय होगी प्रशासन की गंभीरता…..
वक्फ बोर्ड का पत्र सामने आने के बाद अब निगाहें रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट और दरगाह प्रशासन पर टिक गई हैं। पत्र में जिलाधिकारी हरिद्वार और दरगाह प्रबंधक को भी प्रतिलिपि भेजी गई है। ऐसे में अब केवल शिकायतों और पत्राचार तक मामला सीमित रहने के बजाय धरातल पर क्या कार्रवाई होती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।जायरीनों की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील स्थल पर व्यवस्था, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अब देखना यह है कि अनधिकृत हस्तक्षेप और कथित फर्जी खादिमों की गतिविधियों को लेकर उठ रहे सवालों पर जिम्मेदार अधिकारी कितनी गंभीरता दिखाते हैं और जायरीनों को राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!