हरिद्वार

“रोड़ीबेलवाला में निर्माण कार्यों को मिलेगी रफ्तार, गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई..

अपर मेला अधिकारी व नगर आयुक्त नंदन कुमार ने गंगा घाटों और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र का किया निरीक्षण, तीनों पालियों में सफाई और कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अर्द्धकुंभ की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को धरातल पर उतारने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में अपर मेला अधिकारी एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र और गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान नंदन कुमार ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास व निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूरे हों।उन्होंने कहा कि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र मेला प्रबंधन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र हरकी पैड़ी तक पहुंचने वाले मार्ग से भी जुड़ा है। ऐसे में यहां आधारभूत सुविधाओं के विकास, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कराए जा रहे हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों को गति दें।तीनों पालियों में होगी घाटों की सफाई…..
गंगा घाटों की स्वच्छता को लेकर नगर आयुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र और गंगा घाटों पर तीनों पालियों में नियमित सफाई कराई जाए। कूड़ा उठान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित हो, ताकि घाटों और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी जमा न होने पाए। इस दौरान उन्होंने सफाई कार्य में जुटे पर्यावरण मित्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों को काम के दौरान आने वाली परेशानियों का प्राथमिकता से समाधान कराया जाएगा। जहां सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत होगी, वहां उनकी तैनाती भी की जाएगी।श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति करेंगे जागरूक…..
नगर आयुक्त ने स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से गंगा स्नान और दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने और उनके नियमित उपयोग के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाए, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से गंगा घाटों की स्वच्छता को प्रभावी बनाया जा सके। गंगा की निर्मलता और घाटों की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाएं भी सुधारने पर जोर….
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। इसके लिए शौचालयों की साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र के विकास कार्यों, मेला प्रबंधन, गंगा घाटों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए। सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों, ताकि अर्द्धकुंभ के दौरान हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!