
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; शहर में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस और आमजन की नाक में दम करने वाले दो शातिर वाहन चोर आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गए। सिडकुल पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी इतने शातिर थे कि चोरी की बाइकें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखते थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उनके पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के सख्त निर्देश पर जनपदभर में अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिडकुल पुलिस किरवी चौक पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रोशनाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन अचानक बाइक का टायर फिसल गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। पुलिस टीम ने बिना मौका गंवाए दोनों को दबोच लिया।
थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ की और उनके कब्जे में मिली मोटरसाइकिल के इंजन व चेसिस नंबर की जांच की। जांच में सामने आया कि बाइक थाना सिडकुल में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा हो गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पॉलिटेक्निक कॉलेज से आगे झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई पांच अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। इस तरह पुलिस ने कुल छह चोरी की बाइकें बरामद कीं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मिलकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे और उन्होंने रानीपुर, सिडकुल तथा बहादराबाद क्षेत्र को अपना निशाना बना रखा था।
दो जिलों के बीच सक्रिय थे आरोपी, छह मुकदमों से जुड़ी मिलीं बाइकें….
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर पुत्र धीरज पाल (26 वर्ष), निवासी काला गेट, ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल और कार्तिक पुत्र संजय सिंह (20 वर्ष), निवासी हरचंदपुर, थाना नागल सोती, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी रामधाम कॉलोनी, अंबेडकर चौक, थाना सिडकुल के रूप में हुई है।
बरामद छह मोटरसाइकिलों में पांच स्प्लेंडर प्लस और एक अन्य स्प्लेंडर प्लस मॉडल की बाइक शामिल हैं। इनमें तीन बाइक सिडकुल क्षेत्र, दो रानीपुर क्षेत्र और एक बहादराबाद क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। सिडकुल पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस टीम में शामिल रहे…
1:- थानाध्यक्ष अजय शाह, थाना सिडकुल।
2:- उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट।
3:- अपर उपनिरीक्षक अनिल सैनी।
4:- हेड कांस्टेबल संजय सिंह।
5:- कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद।
6:- कांस्टेबल कुलदीप डिमरी।
7:- कांस्टेबल कुलदीप।



