“बहादराबाद पुलिस के चक्रव्यूह में फंसा अवैध असलहा तस्करी गिरोह, मुठभेड़ में एक बदमाश को लगी गोली; चौथा तस्कर भी गिरफ्तार..
पांच पिस्टल, एक तमंचा और सात कारतूस बरामद, दो मोटरसाइकिल व तीन मोबाइल भी पुलिस के कब्जे में; एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की रणनीति से गिरोह का पर्दाफाश, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर अपराध की दुनिया में अपनी जड़ें जमा रहे असलहा तस्करों का नेटवर्क आखिरकार बहादराबाद पुलिस के चक्रव्यूह में फंस गया। मुखबिर की सूचना पर बौंगला तिराहे पर बिछाए गए पुलिस के जाल से बचने के लिए एक तस्कर ने गन्ने के खेत में घुसकर पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को दबोचा, जबकि अगले दिन चेकिंग के दौरान गिरोह के चौथे सदस्य को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर पांच अवैध पिस्टल, एक तमंचा, सात जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जनपद में अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने अवैध हथियारों का कारोबार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में बिछाया जाल……
एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में बहादराबाद पुलिस और सीआईयू रुड़की की टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ व्यक्ति बौंगला तिराहे पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने पहुंचने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और बौंगला तिराहे के आसपास घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो अन्य मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि तीसरा आरोपी मुकुल पाल पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो वह गन्ने के खेत में जा घुसा। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा फायर झोंक दिया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल पाल के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में लेकर तत्काल जिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया गया।
एक के पास दो पिस्टल, दूसरे से तमंचा बरामद…..
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी ली तो मुकुल पाल के कब्जे से दो .32 बोर की अवैध पिस्टल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं भूपेन्द्र के पास से एक .315 बोर का अवैध तमंचा मिला। पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो .32 बोर की पिस्टल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
रात में चेकिंग के दौरान चौथा तस्कर भी दबोचा…..
पुलिस की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। 16 नवंबर की रात्रि को ग्राम बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान पुलिस ने गिरोह के चौथे आरोपी प्रशांत कुमार को भी हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने गिरोह के चारों सदस्यों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।
मेरठ से मुजफ्फरनगर तक फैला आरोपियों का नेटवर्क…..
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल पुत्र कन्हैया निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, जनपद मेरठ, भूपेन्द्र पुत्र विजय कुमार निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा, थाना मंसूरपुर, जनपद मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार पुत्र मंगता निवासी वाल्मीकि मंदिर के पास, कस्बा बहादराबाद, हरिद्वार और प्रशांत कुमार पुत्र निर्दोष कुमार निवासी दादूपुर गोविंदपुर, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मुकुल पाल के विरुद्ध धारा 109(1) बीएनएस और धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं भूपेन्द्र, विशाल कुमार और प्रशांत कुमार के विरुद्ध धारा 3/25 आयुध अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका….
इस कार्रवाई में कोतवाली बहादराबाद के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक विकास रावत, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल अवनेश राणा, कांस्टेबल हिमांशु पंत, कांस्टेबल पंकज बिष्ट, हेड कांस्टेबल सुधाकर, कांस्टेबल विकास थापा, कांस्टेबल शाह आलम और होमगार्ड अभिषेक चौधरी शामिल रहे।सीआईयू रुड़की की टीम से उपनिरीक्षक एवं प्रभारी सीआईयू संजय पुनिया, अपर उपनिरीक्षक अश्वनी यादव, हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी, कांस्टेबल रवींद्र खत्री, कांस्टेबल महिपाल तोमर और कांस्टेबल आशीष शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



