देहरादून

“14 लाख की डकैती में बैग उठाने वाले आदित्य ने वीडियो जारी कर खोले राज, सिद्धांत बडोनी ही मास्टरमाइंड..

वारदात से पहले सिद्धांत ने सभी को सौंपी थी अलग-अलग जिम्मेदारी, पुलिस पर सवाल उठाने वाले अब किस मुंह से करेंगे आरोपियों का बचाव..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की डकैती के मामले में अब एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। वारदात के दौरान गाड़ी से बैग उठाकर ले जाने वाले आदित्य ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। आदित्य ने अपने वीडियो में साफ तौर पर सिद्धांत बडोनी को पूरी वारदात का मास्टरमाइंड बताया है। उसके मुताबिक, सिद्धांत ने ही डकैती की पूरी पटकथा तैयार की और वारदात से पहले सभी लोगों को उनकी अलग-अलग जिम्मेदारियां समझाई थीं।आदित्य के दावे के मुताबिक, सिद्धांत बडोनी का फोन आने पर वह निर्धारित स्थान पर पहुंचा था। वहां पहले से ही 10 से 15 लोग मौजूद थे। सिद्धांत एक-एक करके सभी को कोने में ले जाकर उनकी भूमिका समझा रहा था। आदित्य का कहना है कि उसे गाय के अंगों वाली पन्नी उठाकर एक्टिवा में रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, मौके पर पहुंचने के बाद उसे एहसास हुआ कि पन्नी में गाय के अंग नहीं, बल्कि रुपये रखे हैं।आदित्य ने वीडियो में दावा किया कि उसने पन्नी को झाड़ियों में रख दिया और इस काम से इन्कार कर दिया, लेकिन उसे जान से मारने की धमकी दी गई। उसने दीपक सिखावत और कार्तिक पाटिया समेत कई लोगों के नाम भी लिए। आरोप लगाया कि वारदात के बाद पीड़ित को फास्ट फूड की पार्किंग में ले जाकर मारपीट की गई और उससे रुपये छीने गए।आदित्य के मुताबिक, इसके बाद सभी लोग गुड़बड़े मोहल्ले की पार्किंग में पहुंचे, जहां सिद्धांत बडोनी भी आया। यहां कथित तौर पर लूट की रकम बांटी गई और उसे पांच हजार रुपये देकर मुंह बंद रखने की हिदायत दी गई। आदित्य ने यह भी दावा किया कि बाद में सिद्धांत ने उसे अपनी पिस्टल रखने के लिए दी और घर जाने को कहा।वीडियो में आदित्य ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस एनकाउंटर का डर भी जताया है। इस खुलासे के बाद उन लोगों के तर्कों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं, जो अब तक आरोपितों का बचाव करते हुए इस मामले को धर्म और क्षेत्रवाद से जोड़ रहे थे। अब सवाल यही है कि वीडियो में सामने आए इन दावों के बाद पुलिस का विरोध करने वाले अब किस मुंह से डकैती के मास्टरमाइंड का बचाव करेंगे।सवालों के घेरे में बवाल काटने वाले संगठन और नेता…!
14 लाख रुपये की डकैती के मामले को लेकर सड़क से सोशल मीडिया तक शोर मचाने वाले संगठनों और नेताओं से अब कुछ सवाल पूछे जाने जरूरी हैं। जब घटना को धर्म और क्षेत्रवाद का रंग देकर आरोपितों के पक्ष में माहौल बनाया जा रहा था, तब क्या किसी ने वारदात की पूरी सच्चाई जानने की कोशिश की थी? अब बैग उठाने वाले आदित्य के वीडियो में सिद्धांत बडोनी को मास्टरमाइंड बताते हुए साजिश की जो कहानी सामने रखी गई है, उसके बाद उन तमाम बयानों और दलीलों पर सवाल उठना लाजिमी है। आखिर अब ये संगठन और नेता क्या रुख अपनाएंगे? क्या वीडियो में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे या फिर पहले की तरह पहचान के आधार पर आरोपितों के पक्ष में खड़े रहेंगे? अपराध का कोई धर्म या क्षेत्र नहीं होता। अगर यही कसौटी है तो फिर न्याय और विरोध का पैमाना भी सबके लिए एक समान होना चाहिए।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!