“14 लाख की डकैती के आरोपित सिद्धांत बडोनी का एक और कारनामा आया सामने, अब 25 लाख की लूट का आरोप!
कर्णपुर निवासी ऋतिक गौर ने मीडिया के सामने आकर खोली आपबीती की परतें, अपहरण कर बंधक बनाने, मारपीट और 25 लाख रुपये लूटने का लगाया आरोप, एक महीने से इंसाफ के लिए काट रहा थाने के चक्कर, (देखें वीडियो)..
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: 14 लाख रुपये की डकैती के मामले में आरोपितों के समर्थन में हो रहे हंगामे और उनके बचाव में दी जा रही दलीलों के बीच अब सिद्धांत बडोनी को लेकर एक और गंभीर मामला सामने आया है। कर्णपुर निवासी ऋतिक गौर ने मीडिया के सामने आकर अपनी आपबीती सुनाई है। ऋतिक ने पांच अक्टूबर को अपने साथ 25 लाख रुपये की लूट, अपहरण, मारपीट और बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने सोशल मीडिया पर भी अपना बयान साझा करते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उसका दावा है कि इस पूरी वारदात में सिद्धांत बडोनी समेत कई युवक शामिल थे। नए आरोप सामने आने के बाद 14 लाख की डकैती के आरोपितों के समर्थन में आवाज उठाने वालों के दावों पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
ऋतिक गौर के मुताबिक, पांच अक्टूबर को वह अपनी किआ सेल्टोस कार से घर से निकला था। उसके पास संपत्ति बेचने के बाद मिले 25 लाख रुपये थे, जिन्हें वह अपनी मां के पीएनबी बैंक खाते में जमा कराने जा रहा था। आरोप है कि घर से करीब 100 मीटर आगे एक सफेद रंग की गाड़ी में सवार व्यक्ति ने उसकी कार रोकने का प्रयास किया। इसके बाद हिमांशु नाम का युवक भी वहां पहुंचा और दोनों उसकी कार में बैठ गए। विरोध करने पर दोनों वहां से चले गए, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचते ही उसका पीछा शुरू कर दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि पीछा करते हुए कई युवक लालकुआं चौक के पास पहुंच गए। वहां उसकी कार रोकने की कोशिश की गई और विरोध करने पर गाड़ी में तोड़फोड़ कर विंडशील्ड तक तोड़ दिया गया। इसके बाद अगले चौक पर एक काले रंग की थार उसकी कार के आगे लगा दी गई। मजबूरन उसे गाड़ी रोकनी पड़ी। ऋतिक का दावा है कि इसके बाद अचानक 20 से 35 युवक वहां पहुंच गए और उसे कार से बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। कुछ लोगों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
नोएडा की पार्किंग में ले जाकर बनाया बंधक……
ऋतिक के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपी उसे उसकी ही कार में बैठाकर नोएडा स्थित एक पार्किंग में ले गए। वहां लख चौधरी और अंकु पंडित भी पहुंचे। पीड़ित का आरोप है कि पार्किंग में अंकु पंडित ने उसके सिर पर बंदूक रखकर वीडियो रिकॉर्डिंग कराई और दबाव बनाकर उससे कहलवाया कि 25 लाख रुपये उसके नहीं थे। आरोपितों की ओर से उसे झूठे बयान देने के लिए मजबूर किया गया। ऋतिक का दावा है कि पार्किंग में करीब 20 से 25 लोगों की मौजूदगी में उसे बंधक बनाकर रखा गया था। उसने यह भी बताया कि बाद में पुलिस के साथ पार्किंग पहुंचने पर वहां लगे सुरक्षा कैमरे बंद मिले।
25 लाख बांटने के बाद और रकम की मांग का आरोप…..
पीड़ित के मुताबिक, पार्किंग में आशीष व्यास को भी बुलाया गया। वह उसका करीब चार साल पुराना मित्र था और उसे इस बात की जानकारी थी कि ऋतिक के पास संपत्ति बेचने से मिली रकम है। ऋतिक का आरोप है कि आशीष के पहुंचने के बाद आरोपितों ने 25 लाख रुपये आपस में बांट लिए। इसके बाद उससे और रकम ऐंठने की योजना बनाई गई। आशीष व्यास ने कथित तौर पर उसकी एफडी तुड़वाकर पैसे ट्रांसफर करने की बात कही, लेकिन वहां मौजूद दूसरे व्यक्ति ने ऐसा करने पर पकड़े जाने का खतरा बताया। इसके बाद अगले दिन 25 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाया गया। जाते समय उसे धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
एक महीने तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप, लगातार मिलती रही धमकियां…..
ऋतिक का कहना है कि घटना के दौरान उसने अपनी मां और चाचा को सूचना दी थी। उसके चाचा एसएसपी कार्यालय में एएसआई हैं। उनकी ओर से भी पुलिस को सूचना देकर लोकेशन साझा की गई थी, जो नोएडा की पार्किंग में मिली। अगले दिन पुलिस कांस्टेबल के साथ पार्किंग पहुंचकर जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद पीड़ित का आरोप है कि करीब एक महीने तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उसने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान लख चौधरी और अंकु पंडित उसके घर के बाहर दिखाई दिए और आशीष व्यास लगातार घर के आसपास आकर अतिरिक्त 25 लाख रुपये की मांग करता रहा। ऋतिक के मुताबिक, आरोपितों की ओर से पुलिस के पास नहीं जाने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी डर के कारण वह पहले घर चला गया और अगले दिन लालकुआं चौक स्थित थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बाद आशीष व्यास की ओर से दो पुलिसकर्मियों को उसके घर भेजा गया था। आशीष के पिता मोहनलाल व्यास ने अपने दोनों बेटों के सामने न्याय दिलाने का भरोसा देकर पुलिसकर्मियों को वापस भेज दिया और अगले दिन दोनों बेटों को पुलिस के हवाले करने की बात कही, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इन लोगों के नाम लेकर लगाए आरोप…..
ऋतिक गौर ने इस मामले में आशीष व्यास, कृष्णा व्यास, लख चौधरी, अंकु पंडित, सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया और हिमांशु समेत अन्य युवकों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उसका दावा है कि सिद्धांत बडोनी भी घटनास्थल पर मौजूद था। पीड़ित ने पुलिस से सभी आरोपितों की भूमिका की निष्पक्ष जांच करने, लूटी गई 25 लाख रुपये की रकम वापस दिलाने और उसे सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
14 लाख की डकैती के मामले में आरोपितों के समर्थन में हंगामा करने और उनके बचाव में दलीलें देने वालों के सामने अब ऋतिक का यह आरोप एक बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। पीड़ित का कहना है कि जब 14 लाख रुपये की डकैती के मामले में कार्रवाई की जा रही है तो उसके साथ हुई कथित 25 लाख रुपये की लूट में भी न्याय होना चाहिए। आखिर इंसाफ का पैमाना सबके लिए एक जैसा क्यों नहीं होना चाहिए? हालांकि, इस मामले को लेकर अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
18 नवंबर को पुलिस सम्मान यात्रा का ऐलान…..
बजरंग दल के विरोध में सर्वसमाज की ओर से 18 नवंबर को देहरादून में ‘पुलिस सम्मान यात्रा’ निकालने का ऐलान किया गया है। जारी संदेश में लोगों से एकजुट होकर यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है। यात्रा सुबह 11 बजे डीएम कार्यालय से शुरू होगी।



