देहरादून

“14 लाख की डकैती में सामने आए पीड़ित, बोले- हम भी हिंदू हैं, हम भी आपके भाई और बच्चे हैं, हमारे साथ हुई डकैती को भटकाया न जाए…

पीड़ितों ने किया दूध का दूध-पानी का पानी, आरोपियों के बचाव में उतरे लोगों को दिया करार जवाब, बजरंग दल को बताया अपना परिवार, सीएम धामी व पुलिस का जताया आभार..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; 14 लाख रुपये की डकैती के मामले में अब पीड़ित पक्ष ने सामने आकर अपना पक्ष रखा है। आरोपियों के समर्थन में कुछ लोगों की ओर से पीड़ितों के कारोबार और उनकी भूमिका पर सवाल उठाए जाने के बाद राजेश कुमार सोनी और दिनेश तिवारी ने अपने अधिवक्ता संदीप डबरा के साथ मीडिया के सामने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पीड़ितों ने सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए दावा किया कि वारदात के दौरान बैग निकालकर ले जाने से लेकर बाद की घटनाओं तक के अहम साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना को भटकाने और पीड़ितों को ही कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता से उन्हें त्वरित न्याय मिला है।दिनेश तिवारी ने बताया कि हरिद्वार में प्लॉट के सौदे के सिलसिले में सात नवंबर को राजेश सोनी को 14 लाख रुपये दिए थे। रकम में बैंक से निकाले गए सात लाख रुपये और उनकी जमा पूंजी शामिल थी। एम्स के आसपास एक कैफे में मुलाकात के दौरान उन्होंने स्कूटी की डिग्गी से बैग निकालकर सोनी को सौंपा था। इसके बाद गाड़ी को टक्कर मारकर विवाद शुरू किया गया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग मारपीट और उलझाने में जुट गए तथा एक युवक उनकी गाड़ी से रुपयों से भरा बैग निकालकर ले गया। तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उन्हें कट्टा दिखाकर सुनसान जगह ले जाया गया, जहां मारपीट कर हेलमेट में रखे 2.74 लाख रुपये लूट लिए गए।राजेश सोनी ने अपने कारोबार को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि उनका प्रॉपर्टी और ट्रैवलर का काम है। सभी लेनदेन बैंक खातों के माध्यम से होते हैं। उन्होंने कहा कि उनके बैंक खाते, मोबाइल और कारोबार की जांच करा ली जाए। यदि कोई गलत काम साबित होता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।सोनी ने बजरंग दल को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बजरंग दल परिवार उनके लिए माता-पिता के समान है और वह संस्था का पूरा मान-सम्मान करते हैं। इस घटना में किसी संस्था की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने बजरंग दल से जुड़े वर्मा नाम के व्यक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि यदि वह अपने बच्चों की कसम खाकर यह कह दें कि बलोनी निर्दोष है और उसका इस घटना में कोई कसूर नहीं है, तो वह और दिनेश तिवारी भी अपने बच्चों की कसम खाकर मुकदमा वापस लेने और पैसे छोड़ने को तैयार हैं।सोनी ने भावुक अपील करते हुए कहा कि हम भी हिंदू हैं, हम भी इसी समाज के भाई हैं, आपके परिवार और आपके बच्चे हैं। तिवारी जी भी हिंदू हैं और अच्छे परिवार से हैं। इसलिए सही को सही और गलत को गलत कहा जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन और सामाजिक संगठनों से अपील की कि मामले को भटकाने के बजाय सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जाए।मुस्लिम समाज ने किया समर्थन तो बजरंग दल का विरोध क्यों…..
14 लाख रुपये की डकैती के मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। मुस्लिम समुदाय से जुड़े कुछ लोगों ने पोस्ट साझा कर आरोपित सिद्धांत बडोनी के समर्थन में हो रहे पुलिस के विरोध पर सवाल उठाए हैं। एक पोस्ट में देहरादून में अकरम अली के एनकाउंटर का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि उस समय मुस्लिम समाज ने अपराध का समर्थन करने के बजाय पुलिस और कानून का साथ दिया था। पोस्ट में सवाल उठाया गया है कि जब अकरम अली के मामले में कानून का साथ देना सही था तो सिद्धार्थ बलूनी के मामले में पुलिस की कार्रवाई का विरोध क्यों किया जा रहा है? पोस्ट में यह भी कहा गया है कि यदि बलूनी निर्दोष है तो उसे अदालत में अपनी बेगुनाही साबित करनी चाहिए, लेकिन जांच और कानूनी प्रक्रिया में बाधा डालना किसी संगठन का अधिकार नहीं है। पोस्ट साझा करने वालों ने स्पष्ट किया है कि न किसी अपराधी का समर्थन किया जाना चाहिए और न ही किसी निर्दोष को फंसाने का।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!