अपराधदेहरादून

“14 लाख की लूट में दो और गिरफ्तार, 2.20 लाख भी बरामद, मास्टरमाइंड सिद्धांत बडोनी की तलाश..

बजरंग दल नेता सिद्धांत बडोनी ने कर्ण, सोहेल अख्तर व शक्ति के साथ मिलकर रची थी साजिश, फरार आरोपियों को पनाह देने वालों पर भी कसेगा शिकंजा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; पटेलनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपित को टिहरी जिले के चंबा से दबोचा गया, जबकि दूसरे की गिरफ्तारी पटेलनगर क्षेत्र से हुई। दोनों के कब्जे से लूट के 70 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इससे पहले गिरफ्तार तीन आरोपितों से बरामद डेढ़ लाख रुपये मिलाकर अब तक कुल 2.20 लाख रुपये की बरामदगी हो चुकी है। इस तरह मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या पांच पहुंच गई है। हालांकि, लूट की साजिश का मास्टरमाइंड बताया जा रहा बजरंग दल का चर्चित युवा नेता सिद्धांत बडोनी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।सात नवंबर को हरिपुर कलां निवासी प्रॉपर्टी डीलर राजेश कुमार सोनी प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेने देहरादून आए थे। वह दिनेश तिवारी से नकदी लेकर अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ वाहन से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक्टिवा और बाइक सवार चार-पांच युवकों ने इंद्रेश अस्पताल के पास उनका वाहन घेर लिया। आरोपियों ने वाहन सवारों के साथ मारपीट की और पीछे की सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि प्लॉट के सौदे में मोटी रकम होने की जानकारी आरोपियों तक पहले ही पहुंच गई थी। रकम देने वाला दिनेश तिवारी आरोपियों का परिचित था। इसी जानकारी को आधार बनाकर लूट की योजना तैयार की गई। वाहन को टक्कर मारकर घेरने, मारपीट करने और नकदी से भरा बैग लूटने की पूरी पटकथा बनाई गई थी। इस साजिश में बजरंग दल से जुड़े चर्चित युवा नेता सिद्धांत बडोनी का नाम मास्टरमाइंड के रूप में सामने आया है। बताया जा रहा है कि कर्ण, सोहेल अख्तर और शक्ति समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर उसने वारदात की योजना तैयार की थी।एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस ने नौ नवंबर को सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया था। मंगलवार को कर्ण यादव निवासी गुरुगोटा, नानपारा, बहराइच (हाल निवासी देहराखास, देहरादून) को चंबा से और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू निवासी नई बस्ती, गांधीग्राम, पटेलनगर को देहरादून से गिरफ्तार किया गया। कर्ण से 32 हजार और सोहेल से 38 हजार रुपये बरामद हुए हैं।मास्टरमाइंड और मददगारों की तलाश…..
पांच आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद भी लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा बरामद होना बाकी है। वहीं, सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। देहरादून से लेकर कोटद्वार तक चर्चित इस युवा नेता की कई राजनीतिक चेहरों से नजदीकियां भी चर्चा में रही हैं। पुलिस अब फरार आरोपितों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही फरार आरोपितों को पनाह देने और गिरफ्तारी से बचाने में मदद करने वालों की भूमिका की भी जांच किए जाने की जरूरत है। ऐसे लोग पुलिस के रडार पर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!