हरिद्वार

“घाट बन गए, लेकिन नहर की तली में अब भी पड़ी है मिट्टी, लाखों टन गाद बह रही गंगा में..

क्लोजर अवधि समाप्त होने के बाद भी नहीं हटाई गई अस्थायी मिट्टी की सुरक्षा दीवार, निर्माण की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर उठे सवाल..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अर्धकुंभ की तैयारियों के तहत गंगनहर किनारे करीब तीन किलोमीटर लंबाई में घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। घाटों का निर्माण कार्य तो आगे बढ़ गया, लेकिन निर्माण के दौरान पानी से बचाव के लिए नहर की तली में बनाई गई मिट्टी की अस्थायी सुरक्षा दीवार अब तक नहीं हटाई गई है। गंगनहर का क्लोजर समाप्त होने के बाद भी मिट्टी का नहर में पड़े रहना विभागीय कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थिति यह है कि नहर में पानी छोड़े जाने के साथ ही बड़ी मात्रा में मिट्टी बहकर गंगा में जा रही है।रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक गंगा भक्त ने मौके की तस्वीरें और वीडियो साझा कर इस स्थिति को उजागर किया। तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि घाट निर्माण के दौरान बनाई गई मिट्टी की सुरक्षा दीवार अब भी नहर में मौजूद है। आरोप है कि उत्तराखंड सिंचाई विभाग के पुनर्वास खंड के अधिकारियों ने क्लोजर अवधि समाप्त होने के बावजूद मिट्टी हटाने की जिम्मेदारी समय पर नहीं निभाई। नतीजतन, पानी के बहाव के साथ मिट्टी लगातार आगे बढ़ रही है। करीब तीन किलोमीटर के निर्माण क्षेत्र में इस तरह की स्थिति होने से मिट्टी की मात्रा और उसके नदी में मिलने को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।मामले में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्यशैली के साथ ही निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। नहर के संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाले उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है। आखिर नहर में पानी छोड़ने से पहले मिट्टी हटाने की स्थिति का निरीक्षण क्यों नहीं किया गया? यदि अस्थायी सुरक्षा दीवार हटाना जरूरी था तो इस काम को समय रहते पूरा क्यों नहीं कराया गया?वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि गंगनहर में इस तरह मिट्टी का पड़ा रहना और पानी के साथ उसका बहना बेहद चिंताजनक है। अर्धकुंभ जैसे बड़े आयोजन की तैयारियों में करोड़ों रुपये के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन बुनियादी जिम्मेदारियों को लेकर इस तरह की उदासीनता समझ से परे है। निर्माण के दौरान सुरक्षा के लिए बनाई गई अस्थायी व्यवस्था को काम पूरा होने और क्लोजर अवधि समाप्त होने के बाद हटाया जाना चाहिए था। यदि अधिकारी समय रहते मिट्टी नहीं हटाते हैं तो उसका सीधा असर गंगा की स्वच्छता पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल निर्माण कार्य में लापरवाही का मामला नहीं है, बल्कि विभागीय निगरानी और जवाबदेही का भी सवाल है। संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर तत्काल मिट्टी हटवानी चाहिए और यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि समय रहते यह काम क्यों नहीं हुआ।गंगा की निर्मलता और अविरलता को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में अर्धकुंभ की तैयारियों के नाम पर हो रहे निर्माण कार्यों के दौरान ही यदि बड़ी मात्रा में मिट्टी गंगा में बह रही है तो यह संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सवाल यह भी है कि घाटों के निर्माण के बाद उनकी सुंदरता तो दिखाई दे रही है, लेकिन नहर की तली में पड़ी मिट्टी हटाने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!