
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: राजधानी के पटेलनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश किया है। घटना का मास्टरमाइंड हिंदूवादी संगठन का एक चर्चित युवा नेता निकला है। पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर के परिचित ने प्लॉट के सौदे की मोटी रकम होने की जानकारी लीक की थी।
इसी सूचना के आधार पर मास्टर माइंड युवा नेता ने वाहन को टक्कर मारकर गिराने से लेकर नकदी से भरा बैग लूटने तक की पूरी पटकथा तैयार की। मास्टरमाइंड समेत लूट में शामिल चार अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार तीन आरोपितों के कब्जे से लूटी गई रकम में से डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस कप्तान प्रर्मेंद्र डोबाल के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली की पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की है।
हरिपुर कलां निवासी राजेश कुमार सोनी सात नंबर को प्लॉट के सौदे के सिलसिले में देहरादून आए थे। वह दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लेकर अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ वाहन से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास पीछे से एक्टिवा और बाइक पर सवार चार-पांच युवकों ने उनका वाहन घेर लिया। आरोपितों ने वाहन सवारों के साथ मारपीट की और पीछे की सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रर्मेंद्र डोबाल के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली कोतवाली प्रभारी नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपितों की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि जिस दिनेश तिवारी से राजेश ने 14 लाख रुपये प्राप्त किए थे, वह आरोपितों का परिचित था।
आरोपितों को पहले से जानकारी थी कि दिनेश तिवारी प्लॉट के सौदे को लेकर भारी नकदी के साथ कुछ लोगों से मिलने जा रहा है। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और सात नवंबर को वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अल्का डेयरी से मेहूवाला की ओर जाने वाले रास्ते से तीन आरोपितों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से लूट के डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। लूट में शामिल चार अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
ये रही पुलिस टीम…..
लूटकांड का पर्दाफाश करने वाली टीम में निरीक्षक नरेश राठौड़, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पटेलनगर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल पंकज कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार, कांस्टेबल सूरज राणा और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे।
देहरादून से कोटद्वार तक चर्चित है युवा नेता…….
14 लाख रुपये की लूट में जिस चर्चित युवा नेता का नाम मास्टरमाइंड के तौर पर सामने आ रहा है, उसके कारनामों की चर्चा देहरादून ही नहीं, आसपास के जिलों में भी होती रही है। कई बड़े नेताओं से उसकी नजदीकियां भी बताई जाती हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि लूट की पूरी प्लानिंग इसी युवा नेता ने तैयार की थी। पीड़ित के वाहन को टक्कर मारकर गिराने और फिर मारपीट कर नकदी से भरा बैग लूटने की रणनीति भी उसी ने बनाई थी।
वारदात को अंजाम देने के लिए साथियों की भूमिका तय करने से लेकर मौके पर घेराबंदी तक की योजना तैयार की गई थी। तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के बावजूद कथित मास्टरमाइंड अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर पुलिस की जांच में नाम सामने आने के बाद भी चर्चित युवा नेता कब कानून की गिरफ्त में आएगा? क्या पुलिस उस तक पहुंच पाएगी या उसका रसूख गिरफ्तारी की राह में चुनौती बनेगा?
गिरफ्तार आरोपितों के नाम व पते…
1:- सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी (27 वर्ष) पुत्र स्व. पंजाब सिंह, निवासी रोहित नगर, बुग्गावाला रोड, बिहारीगढ़, थाना बिहारीगढ़, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। हाल निवासी देहराखास, देहरादून (किरायेदार)।
2:- जसमीत सिंह (18 वर्ष) पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी सुंदरपुर, थाना बिहारीगढ़, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। हाल निवासी रामलीला ग्राउंड, पटेलनगर ईस्ट, देहरादून (किरायेदार)।
3:- शक्ति सिंह (47 वर्ष) पुत्र स्व. बलबीर सिंह, निवासी 219, राजपुर रोड, जेआरडी कॉलेज, देहरादून।



