“दीपावली पर आरिफ अंसारी ने जलाया इंसानियत का दीप, दुर्लभ रक्तदान से बचा ली एक मां की जिंदगी..!
प्रसव के दौरान जिंदगी और मौत से जूझ रही थी 28 वर्षीय महिला, आरिफ के समय पर पहुंचने से टली बड़ी अनहोनी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; दीपावली के दिन जब लोग अपने परिवार के साथ खुशियां बांटने और त्योहार मनाने में व्यस्त थे, उसी वक्त एक रक्तवीर अनजान परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनकर पहुंचा। जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही 28 वर्षीय गर्भवती महिला को दुर्लभ रक्त समूह की तत्काल आवश्यकता थी।
प्रसव का बेहद नाजुक समय था और मां के साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की जिंदगी भी खतरे में थी। ऐसे मुश्किल वक्त में आरिफ अंसारी ने बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। उनके इस मानवीय प्रयास से प्रसूता की जान बचाने में मदद मिली। हालांकि, डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद नवजात को बचाया नहीं जा सका, लेकिन मां को नया जीवन मिल गया।
जानकारी के अनुसार, दीपावली के दिन प्रसव पीड़ा से जूझ रही 28 वर्षीय महिला की हालत गंभीर बनी हुई थी। डिलीवरी के दौरान चिकित्सकों को दुर्लभ रक्त समूह की आवश्यकता महसूस हुई। परिजनों के सामने सबसे बड़ी चुनौती तत्काल रक्त की व्यवस्था करने की थी। समय बेहद कम था और हर गुजरता पल कीमती साबित हो रहा था। इसी दौरान इस आपात स्थिति की जानकारी रक्तसेवा से जुड़े आरिफ अंसारी तक पहुंची। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना कोई विलंब किए रक्तदान के लिए अस्पताल पहुंचने का निर्णय लिया।
आरिफ अंसारी ने अस्पताल पहुंचकर अपना दुर्लभ रक्तदान किया। उनके इस त्वरित सहयोग ने प्रसूता के उपचार में अहम भूमिका निभाई। चिकित्सकों ने भी महिला और उसके गर्भस्थ शिशु को बचाने के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद नवजात को नहीं बचाया जा सका। हालांकि, समय पर रक्त उपलब्ध होने और चिकित्सकों के प्रयासों से महिला की जान बच गई।
आरिफ अंसारी के इस प्रयास की रक्तसेवा से जुड़े लोगों ने जमकर सराहना की है। Blood Volunteers Haridwar की ओर से भी उनके जज्बे को सलाम करते हुए कहा गया कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद की मदद करना नहीं, बल्कि किसी परिवार की खुशियों और उम्मीदों को बचाने का माध्यम भी है। आरिफ जैसे रक्तवीर समाज को यह संदेश दे रहे हैं कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है।



