“जिला मुख्यालय क्षेत्र में 20 दिन से बंद पड़ा नाला बना मुसीबत, सड़कों पर बह रहा गंदा पानी, ट्रांसफार्मर से करंट फैलने का खतरा, क्या हादसे के बाद जागेंगे अधिकारी और जनप्रतिनिधि.?
खालसा कॉलोनी में नाला जोड़ने के विरोध के बाद ठप पड़ा काम, राहगीर हो रहे चोटिल, सभासद से लेकर पालिकाध्यक्ष और विधायक की चुप्पी पर उठे सवाल..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; सिडकुल क्षेत्र के नवोदय नगर स्थित खालसा कॉलोनी के बाहर निर्माणाधीन नाला अब स्थानीय लोगों के लिए गंभीर मुसीबत बन रहा है। करीब 20 दिन से नाले का काम बंद है और शिवालिकनगर पालिका इसका कोई हल नहीं निकाल पाई है। हालात यह हैं कि नाले में पानी भरने के साथ ही गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा है। सबसे चिंताजनक स्थिति उस स्थान पर है, जहां निर्माण कार्य बंद कराया गया था।
यहां पानी ट्रांसफार्मर के आसपास जमा होने लगा है। इससे करंट फैलने और किसी बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया है। इसके बावजूद न तो संबंधित विभाग के अधिकारियों की नींद टूट रही है और न ही जनप्रतिनिधियों ने अब तक समस्या के समाधान की सुध ली है। विडंबना ये है कि जिला मुख्यालय यानी जहां पूरे जिले के लिए विकास योजनाएं बनती हैं, लोगों के लिए स्वच्छता का संदेश जारी किया जाता है, ये बद से बदतर हालात उसी जिला मुख्यालय से सटे हुए क्षेत्र के हैं। जिसको लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बीती 25 अक्टूबर को गणेश विहार फेस-1, गणेश विहार फेस-2, सिद्धांत एन्क्लेव और आतिश पब्लिक स्कूल मेन रोड समेत आसपास की कॉलोनियों का गंदा पानी खालसा कॉलोनी के नाले में जोड़ने का काम शुरू किया गया था। इसका स्थानीय निवासियों ने विरोध करते हुए काम रुकवा दिया था। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर एकत्र हुए थे। लोगों का कहना था कि जब खालसा कॉलोनी की अपनी जल निकासी व्यवस्था ही बदहाल है तो दूसरी कॉलोनियों का पानी यहां जोड़कर समस्या को और गंभीर क्यों बनाया जा रहा है।
विरोध के बाद मौके पर पहुंचे जेई शाहरुख ने फिलहाल काम रोकने और दूसरी कॉलोनियों का पानी खालसा कॉलोनी के नाले में नहीं जोड़ने का आश्वासन दिया था। इसके बाद काम तो बंद हो गया, लेकिन नाले और जल निकासी की समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। अब 20 दिन बाद हालात पहले से ज्यादा खराब हो गए हैं। रुके हुए नाले में पानी जमा हो रहा है और सड़क पर बहकर राहगीरों के लिए परेशानी खड़ी कर रहा है।
सड़कों पर बहते पानी और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालकों से लेकर पैदल चलने वालों तक को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारी भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं और दुर्घटनाएं भी हुई हैं। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई नजर नहीं आ रही। ट्रांसफार्मर के आसपास जमा होता पानी खतरे की घंटी बजा रहा है। सवाल यह है कि यदि पानी में करंट उतरने से कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?
दूसरी कॉलोनियों की निकासी भी हो, खालसा कॉलोनी पर न थोपा जाए बोझ……
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें दूसरी कॉलोनियों की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त होने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इसका समाधान खालसा कॉलोनी को परेशानी में डालकर नहीं निकाला जाना चाहिए। लोगों की मांग है कि गणेश विहार फेस-1, फेस-2, सिद्धांत एन्क्लेव और अन्य क्षेत्रों के गंदे पानी की निकासी के लिए कोई वैकल्पिक और व्यवस्थित रास्ता निकाला जाए। ऐसा इंतजाम हो जिससे न खालसा कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बने और न ही दूसरी कॉलोनियों के निवासियों को परेशानी उठानी पड़े। सभी क्षेत्रों की जल निकासी व्यवस्था को ध्यान में रखकर तकनीकी समाधान तलाशने के बजाय एक कॉलोनी पर अतिरिक्त पानी का बोझ डालना समस्या का स्थायी हल नहीं हो सकता।
चुनाव नजदीक, दावेदारों की भीड़, लेकिन जनता की समस्या पर सब मौन…….
इस पूरे मामले में सवाल सिर्फ नगर पालिका शिवालिक नगर के अधिकारियों तक सीमित नहीं हैं। स्थानीय सभासद से लेकर पालिकाध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक की चुप्पी भी लोगों को खटक रही है। चुनाव नजदीक हैं और राजनीतिक दलों में टिकट के दावेदारों की लंबी कतार है। जनप्रतिनिधि और चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदार जनता के बीच अपनी सक्रियता दिखाने में पीछे नहीं रहते, लेकिन खालसा कॉलोनी की बदहाल स्थिति पर किसी की नजर नहीं पड़ रही।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्या जनप्रतिनिधि इसी तरह की समस्याओं के बीच लोगों से वोट मांगने पहुंचेंगे? क्या सड़क पर बहते गंदे पानी, चोटिल होते राहगीरों और ट्रांसफार्मर के आसपास मंडराते बिजली के खतरे को दूर करने के लिए भी किसी चुनाव का इंतजार किया जाएगा? लोगों की मांग है कि विभाग तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करे, ट्रांसफार्मर के आसपास जमा पानी हटाए और सभी कॉलोनियों के लिए ऐसा स्थायी समाधान निकाले, जिससे किसी एक क्षेत्र को दूसरे की समस्या का बोझ न उठाना पड़े।



