हरिद्वार

“स्वामी श्रद्धानंद को भारत रत्न दिलाने के लिए हरिद्वार से उठेगी आवाज, जुटेंगे देशभर के आर्यजन..

बलिदान शताब्दी पर 19 और 20 दिसंबर को कांगड़ी गुरुकुल में होगा ऐतिहासिक समारोह, स्वामी रामदेव करेंगे अध्यक्षता; स्वामी यतीश्वरानंद को सौंपी मुख्य संयोजक की जिम्मेदारी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी एवं गुरुकुलीय शिक्षा के प्रणेता स्वामी श्रद्धानंद को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत करने की मांग अब हरिद्वार से बुलंद होगी। उनके बलिदान की शताब्दी को ऐतिहासिक बनाने के लिए आर्य समाज ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी 19 और 20 दिसंबर को कांगड़ी गुरुकुल में आयोजित होने वाला दो दिवसीय समारोह न केवल स्वामी श्रद्धानंद के योगदान को याद करने का मंच बनेगा, बल्कि गुरुकुलीय शिक्षा को नई पहचान दिलाने और उसके संरक्षण के लिए केंद्र सरकार तक आवाज पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा। समारोह में देशभर से हजारों आर्यजनों के साथ केंद्रीय एवं प्रदेश सरकार के मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।शुक्रवार को गुरुकुल महाविद्यालय ज्वालापुर में स्वामी आर्यवेश की अध्यक्षता में आयोजित आर्य समाज उत्तराखंड के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक में समारोह की रूपरेखा तय की गई। इस दौरान स्वामी श्रद्धानंद को भारत रत्न देने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। साथ ही आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।सरकारी संस्थानों की तरह गुरुकुलों को भी मिलें सुविधाएं : यतीश्वरानंद…..
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने गुरुकुलीय शिक्षा को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत और संस्कारयुक्त शिक्षा को जीवित रखने में गुरुकुलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आवश्यकता है कि गुरुकुलों को भी अन्य सरकारी शिक्षण संस्थानों की भांति सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि यह प्राचीन शिक्षा पद्धति आधुनिक दौर में और अधिक सशक्त बन सके। उन्होंने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ समाज को शिक्षा और राष्ट्रभक्ति की नई दिशा दिखाई। उनका बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। बलिदान शताब्दी समारोह में केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्रियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन की मुख्य संयोजक की जिम्मेदारी स्वामी यतीश्वरानंद को सौंपी गई है।मैकाले की शिक्षा पद्धति का दिया था विकल्प : आर्यवेश….
सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान स्वामी आर्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी शिक्षाविद् और महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने लॉर्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति के विकल्प के रूप में गुरुकुलीय शिक्षा को स्थापित कर राष्ट्रनिर्माण और चरित्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद का संपूर्ण जीवन वैदिक संस्कृति, सामाजिक जागरण और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। ऐसे महान व्यक्तित्व को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। इससे न केवल उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान मिलेगा, बल्कि युवा पीढ़ी को भी उनके आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।स्वामी रामदेव करेंगे अध्यक्षता, देशभर से पहुंचेंगे हजारों आर्यजन….
दो दिवसीय बलिदान शताब्दी समारोह की अध्यक्षता योगगुरु स्वामी रामदेव करेंगे, जबकि स्वामी आर्यवेश का विशेष सान्निध्य प्राप्त होगा। समारोह में आर्य समाज के प्रमुख संन्यासी, वैदिक विद्वान, विभिन्न गुरुकुलों के आचार्य, भजनोपदेशक, युवा संगठनकर्ता और देश के विभिन्न प्रांतों से हजारों आर्यजन शामिल होंगे। सार्वदेशिक आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी आदित्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद का बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, शिक्षा, सामाजिक सुधार और वैदिक संस्कृति के संरक्षण के लिए आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। महात्मा कृष्ण मुनि ने समारोह को भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए इसकी सफलता के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं, शत्रुघ्न मौर्य ने कुमाऊं क्षेत्र से बड़ी संख्या में आर्यजनों के समारोह में पहुंचने की बात कही।आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए समितियां गठित….
बैठक में समारोह की व्यवस्थाओं, देशभर से आने वाले अतिथियों और आर्य समाज के प्रतिनिधियों की सहभागिता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। इस अवसर पर आचार्य धनंजय, शत्रुघ्न मौर्य, मानपाल सिंह राठी, हाकम सिंह आर्य, तेलूराम आर्य, स्वामी मेधानंद, महात्मा कृष्ण मुनि, आचार्य सविता, स्वामी सुरेंद्रानंद, स्वामी विरक्तदेव, कामेंद्र आर्य, ओमप्रकाश मलिक, दिनेश आर्य, धर्मेंद्र आर्य, अवनीश आर्य और दीपक आर्य सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव रखे। अंत में स्वामी विरक्तदेव ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!