अपराधदेहरादून

जेनी की शिकायत पर हरक सिंह रावत पर आखिरकार दर्ज हुआ मुकदमा, असम से 17 धाराओं के साथ देहरादून पहुंची जीरो एफआईआर..

23 साल बाद जेनी ने उत्तराखंड पहुंचकर लगाए थे आरोप, बेटे के साथ ट्रिपल डीएनए की मांग; चुनाव से पहले गर्म हुआ सियासी पारा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। असम की महिला इंदिरा देवरी उर्फ जेनी की शिकायत पर उनके खिलाफ आखिरकार मुकदमा दर्ज हो गया है। गुवाहाटी के पानबाजार महिला थाने में दर्ज जीरो एफआईआर 17 गंभीर धाराओं के साथ देहरादून पहुंची है। महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2002-03 में जब वह महज 16 वर्ष की थी, तब उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसे जबरन बंधक बनाकर रखा गया। उसने अपने 23 वर्षीय बेटे के साथ आरोपी का ट्रिपल डीएनए परीक्षण कराने की मांग भी की है।जेनी के मुताबिक, उस समय वह देहरादून की यमुना कॉलोनी बस स्टैंड के पास एक एसटीडी बूथ पर काम करती थी। आरोप है कि हरक सिंह रावत के एक राजनीतिक कार्यकर्ता ने उसे उनके सरकारी आवास तक पहुंचाया। उस समय रावत उत्तराखंड सरकार में राजस्व मंत्री थे। महिला का दावा है कि उसे करीब डेढ़ से दो महीने तक जबरन रखा गया और इस दौरान कई बार दुष्कर्म किया गया। राजपुर रोड स्थित होटल मधुबन सहित अलग-अलग होटलों में भी ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि गर्भवती होने के बाद उसे प्रताड़ित किया गया और बिना वैध मजिस्ट्रेटी आदेश के नारी निकेतन अथवा सरकारी मानसिक स्वास्थ्य संस्थान भेज दिया गया। जून 2003 में उसने देहरादून के सरकारी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया।महिला का दावा है कि पहले भी इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था और सीबीआई जांच हुई, लेकिन असमिया अनुवादक के बिना हिंदी में बयान पर हस्ताक्षर कराए गए। उसका पक्ष भी ठीक से नहीं रखा गया और नवजात का डीएनए नमूना नहीं लिया गया। अब उसने अपने और बेटे के बयान असमिया अनुवादक की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराने, ट्रिपल डीएनए परीक्षण तथा वर्ष 2003 के नारी निकेतन, अस्पताल और सीबीआई के रिकार्ड जब्त करने की मांग की है।एफआईआर में दुष्कर्म, अपहरण, अवैध बंधक बनाने, धमकी, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र समेत 17 धाराएं शामिल हैं। मानसिक स्वास्थ्य और किशोर न्याय अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं। चुनाव से पहले इस मामले ने प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा दिया है। हालांकि, फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता के दावे हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!