हरिद्वार

“फर्जी खादिमों का दुस्साहस या दरगाह दफ्तर की मेहरबानी, आखिर किसने बांधे प्रशासन के हाथ, निगरानी पर सवाल..!

जुमेरात को दरगाह में फर्जी खादिमों की फिर कटी चांदी, जिम्मेदारों के दावों की खुली पोल, आखिर किसके दम पर बेखौफ हैं ये लोग.?

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर; दरगाह साबिर पाक में कथित फर्जी खादिमों का खेल अब किसी से छिपा नहीं है। लगातार खबरें प्रकाशित हो रही हैं, शिकायतें जिम्मेदारों तक पहुंच रही हैं, वक्फ बोर्ड की सख्ती की बातें भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन जमीन पर तस्वीर जस की तस है। कार्रवाई के नाम पर नतीजा वही ढाक के तीन पात! फर्जी खादिमों के हौसले ऐसे बुलंद हैं कि मानो दरगाह परिसर में उन पर कोई नियम-कानून लागू ही नहीं होता। न दरगाह प्रशासन का खौफ, न किसी अधिकारी की रोक-टोक और न ही किसी कार्रवाई की चिंता।जुमेरात के दिन भी दरगाह शरीफ में कथित फर्जी खादिमों का जमावड़ा लगा रहा। जायरीनों की भीड़ के बीच कथित तौर पर वसूली का खेल चलता रहा और जिम्मेदारों की भूमिका पर फिर सवाल खड़े होते रहे। जिन अधिकारियों के कंधों पर दरगाह की व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी है, उनका दफ्तर मानो सब कुछ देखकर भी अनजान बना हुआ है। परिसर में मौजूद पीआरडी जवानों की तैनाती भी इस कथित गतिविधि पर अंकुश लगाने में कारगर होती नहीं दिखी। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर ये जवान किस व्यवस्था को संभालने के लिए तैनात हैं?हैरानी की बात यह है कि लगातार उठ रहे सवालों और वक्फ बोर्ड की कथित सख्ती के बावजूद हालात में कोई ठोस बदलाव नजर नहीं आ रहा। आदेशों और निर्देशों का असर यदि जमीन पर दिखाई ही न दे तो फिर ऐसी सख्ती का आखिर मतलब क्या रह जाता है? क्या दरगाह परिसर में नियम सिर्फ कागजों पर लागू हैं और हकीकत में अपनी-अपनी मनमानी का अलग कानून चल रहा है?आखिर किसका संरक्षण, किसके इशारे पर चल रहा खेल..?
सूत्रों की मानें तो कथित फर्जी खादिमों को किसी प्रभावशाली व्यक्ति या समूह का संरक्षण हासिल होने की चर्चाएं भी हैं। हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है, लेकिन जिस बेखौफ अंदाज में यह गतिविधियां जारी रहने के आरोप लग रहे हैं, उसने मिलीभगत की आशंकाओं को हवा दे दी है। सवाल यह भी है कि यदि सब कुछ खुलेआम हो रहा है तो जिम्मेदारों की नजर आखिर क्यों नहीं पड़ रही? क्या प्रशासन के हाथ बंधे हैं, या फिर कार्रवाई करने की इच्छाशक्ति ही कहीं गुम हो गई है?भोले-भाले जायरीन साबिर पाक की दरगाह पर अकीदत और दुआओं की मुराद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन कथित फर्जी खादिमों के चंगुल में फंसकर उन्हें परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़े तो यह सिर्फ व्यवस्था की नाकामी नहीं, बल्कि जायरीनों के विश्वास के साथ भी खिलवाड़ है। बकरी की खाल में भेड़िये की तरह कथित तौर पर खादिम का चोला ओढ़कर घूमने वाले ऐसे लोगों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई करना आखिर किसकी जिम्मेदारी है?वक्फ बोर्ड की सख्ती या सिर्फ कागजी गरज.?
अब सवाल सीधे वक्फ बोर्ड और दरगाह प्रशासन से हैं। जब लगातार शिकायतें और खबरें सामने आ रही हैं तो अब तक कितने संदिग्ध लोगों को चिह्नित किया गया? कितनों के खिलाफ कार्रवाई हुई? दरगाह परिसर में अधिकृत खादिमों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए गए? पीआरडी जवानों को क्या जिम्मेदारी सौंपी गई है और उस पर निगरानी कौन कर रहा है? आखिर कब तक जायरीनों को उनके हाल पर छोड़कर जिम्मेदार अधिकारी तमाशबीन बने रहेंगे? कब तक खबरें प्रकाशित होती रहेंगी और कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन परोसे जाते रहेंगे?दरगाह साबिर पाक की व्यवस्था किसी की निजी जागीर नहीं है। यहां आने वाले जायरीनों की सुरक्षा, सम्मान और आस्था की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अब जरूरत बयानबाजी या कागजी सख्ती की नहीं, बल्कि धरातल पर ऐसी कार्रवाई की है जो कथित फर्जी खादिमों के हौसलों पर वास्तव में लगाम लगा सके। वरना सवाल यही रहेगा कि दरगाह में हुक्म प्रशासन का चलता है या फिर उन कथित फर्जी खादिमों का, जिनके सामने जिम्मेदारों की चुप्पी भी अब कई सवाल खड़े कर रही है!

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!