“सड़क बदहाल, गंदगी के अंबार, निकासी ठप, इतनी समस्याओं पर खालसा कॉलोनी वालों ने जताया जनप्रतिनिधियों का आभार..
बैनर पर समस्याओं की तस्वीरें लगाकर कसा तंज, सभासद से विधायक तक लगा चुके गुहार, सुनवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन; अब चुनाव बहिष्कार का भी मन बना रहे लोग..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; विकास के दावों और जनप्रतिनिधियों के आश्वासनों के बीच जनता की परेशानी किस तरह अनसुनी रह जाती है, इसकी बानगी सिडकुल के नवोदय नगर स्थित खालसा कॉलोनी में देखी जा सकती है। यहां सड़कें बदहाल हैं
, जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त है और गंदगी के बीच लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद जब जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी तो कॉलोनीवासियों ने भी विरोध का ऐसा तरीका चुना कि अब उनका बैनर चर्चा का विषय बन गया है। लोगों ने कॉलोनी की समस्याओं की तस्वीरों के साथ जनप्रतिनिधियों का ‘आभार’ जताने वाला बैनर टांग दिया है। यह आभार कम और जिम्मेदारों पर सार्वजनिक तंज ज्यादा है।
बैनर पर फूलों की तस्वीरों और बड़े-बड़े अक्षरों में आभार का संदेश है, लेकिन उसके भीतर दर्ज समस्याएं विकास के दावों की हकीकत बयां कर रही हैं। सड़क की दुर्दशा से लेकर गंदे पानी की निकासी और अधूरे निर्माण तक की तस्वीरें लगाकर कॉलोनीवासियों ने मानो जनप्रतिनिधियों को उनका रिपोर्ट कार्ड थमा दिया है। संदेश साफ है कि जब समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा तो कम से कम उनके लिए जिम्मेदार लोगों का आभार तो सार्वजनिक रूप से जताया ही जा सकता है।
कॉलोनी में जल निकासी का मामला सबसे गंभीर बना हुआ है। दूसरी कॉलोनियों का गंदा पानी खालसा कॉलोनी के नाले में जोड़ने की तैयारी हुई तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध कर काम रुकवा दिया। लेकिन विरोध के बाद भी समस्या का समाधान नहीं निकला। नाले का काम जहां का तहां अधूरा पड़ा है।
पानी जमा होने से गंदगी फैल रही है और मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि जमा पानी ट्रांसफार्मर के आसपास तक पहुंच रहा है। इससे करंट फैलने का खतरा भी बना हुआ है। यानी जिस समस्या को दूर करने के लिए निर्माण शुरू हुआ था, वह खुद नई मुसीबत बनकर खड़ी हो गई है।
सड़क की बदहाली ने परेशानी और बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सभासद से लेकर पालिकाध्यक्ष और विधायक तक कई बार शिकायत की गई, लेकिन किसी ने स्थायी समाधान की जिम्मेदारी नहीं ली। हर बार उम्मीद के साथ गुहार लगाई गई और हर बार निराशा हाथ लगी। सवाल यह है कि जनप्रतिनिधियों को जनता की ये समस्याएं दिखाई क्यों नहीं देतीं? क्या लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी चुनाव तक इंतजार करना पड़ेगा?
आगामी चुनाव को देखते हुए कॉलोनी में अब चुनाव बहिष्कार की चर्चा भी होने लगी है। लोगों की नाराजगी यदि मतदान के दिन तक बरकरार रही तो यह उन राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों के लिए बड़ा झटका हो सकती है, जो चुनाव के समय जनता के बीच पहुंचकर विकास के वादे करते हैं। खालसा कॉलोनी का यह बैनर दरअसल एक चेतावनी है कि जनता की याददाश्त इतनी कमजोर नहीं कि वह चुनाव के समय किए गए वादों और पांच साल तक झेली गई परेशानियों के बीच का अंतर भूल जाए।



