
पंच👊नामा-ब्यूरो
नानकमत्ता (ऊधमसिंह नगर); अपराधियों की खैर नहीं! कहीं अवैध तमंचों का जखीरा पकड़ा गया, कहीं कच्ची शराब की भट्टियों पर पुलिस का हथौड़ा चला, तो कहीं लाखों की नकदी और QR कोड स्कैनर मिलने से साइबर अपराध का शक गहरा गया।
एसएसपी अजय गणपति के ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस ने करीब 10 घंटे तक ताबड़तोड़ कार्रवाई कर अपराधियों के नेटवर्क पर चौतरफा शिकंजा कस दिया। इस बड़े अभियान में अवैध असलहों, कच्ची शराब और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ एक साथ मोर्चा खोलते हुए पुलिस ने कई अहम बरामदगियां और गिरफ्तारियां कीं।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर 10 पुलिस टीमों का एक्शन……
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व एसपी सिटी रुद्रपुर ने किया। क्षेत्राधिकारी खटीमा, काशीपुर और सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नानकमत्ता के नेतृत्व में 10 पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग और निरोधात्मक कार्रवाई की।
अभियान में अलग-अलग थानों की पुलिस, पीएसी, एसओजी, पुलिस लाइन और एंटी राइट टीम सहित विभिन्न इकाइयों के जवान शामिल रहे। पुलिस ने अवैध शस्त्रों, कच्ची शराब, नशा तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र में सघन अभियान चलाया।
10 तमंचे बरामद, 10 आरोपी गिरफ्तार…..
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध तमंचे बरामद किए। इनमें 315 बोर और 12 बोर के तमंचे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में 13 कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद हुए। अवैध असलहों की इस बरामदगी के बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।
कच्ची शराब के कारोबार पर भी करारी चोट…..
अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 350 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
वहीं, चेकिंग के दौरान चार कच्ची शराब की भट्टियां नष्ट की गईं और करीब 10 हजार लीटर लाहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
14 संदिग्ध हिरासत में, दो वारंटी भी गिरफ्तार….
अभियान के दौरान पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए 14 संदिग्ध व्यक्तियों को संरक्षण में लिया। पूछताछ के बाद उनके संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस ने दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया। अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करना रहा।
12 लाख रुपये नकद और सात QR कोड स्कैनर मिलने से साइबर अपराध की आशंका…..
ऑपरेशन के दौरान एक अन्य संदिग्ध के कब्जे से सात QR कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है। बरामदगी के बाद साइबर अपराध की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस नकदी और स्कैनर के स्रोत तथा इनके संभावित इस्तेमाल को लेकर जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि बरामद सामान के संबंध में वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
अपराधियों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान…..
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार जनपद ऊधमसिंह नगर के अलग-अलग थाना और कोतवाली क्षेत्रों में भी इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे।
पुलिस का लक्ष्य अवैध तमंचों, साइबर अपराध, कच्ची शराब और नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करना है। नानकमत्ता में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



