
पंच👊नामा
रुड़की: कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में बाइक से बच्चे को टक्कर लगने के बाद विवाद बढ़ने और घर में घुसकर मारपीट व महिला से अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि 26 फरवरी पनियाला चंदनपुर गांव निवासी एक युवक ने मोटरसाइकिल से बच्चे को टक्कर मार दी। इस पर बच्चे के परिजनों द्वारा वाहन धीरे चलाने की बात कहने पर आरोपी गाली-गलौज करता हुआ चला गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फावड़ा, लाठी-डंडे, व लोहे की रॉड लेकर पीड़ित के घर पहुंचा और घर में घुसकर गाली-गलौज व मारपीट की। तहरीर में महिला के साथ अभद्रता और कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है।
बताया गया कि घटना में पीड़ित पक्ष के एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल रुड़की ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया।
एसपी देहात शेखर सुयाल के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



