अपराधहरिद्वार

“जुए के विवाद में युवक को नहर में धक्का देकर हत्या का आरोप, मां ने पड़ोसी पर दर्ज कराया मुकदमा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: ज्वालापुर क्षेत्र में पिछले साल सितंबर माह में मिले युवक के शव के मामले में अब हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। मृतक की मां ने पड़ोसी युवक पर जुए के पैसों के विवाद में बेटे को नहर में धक्का देकर मारने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।लाल मंदिर कॉलोनी ज्वालापुर निवासी कर्मवती ने कोर्ट में दी गई शिकायत में बताया कि 25 सितंबर 2025 की शाम उनका बेटा नरेंद्र अचानक घर से चला गया था और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 28 सितंबर को ज्वालापुर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।अगले दिन 29 सितंबर को बहादराबाद क्षेत्र के पथरी पावर हाउस के पास नरेंद्र का शव बरामद हुआ था। मृतक की मां का आरोप है कि उसके साथ गया पड़ोसी अंकुर लगातार शव को नरेंद्र का न बताकर परिवार को भ्रमित करता रहा। इतना ही नहीं, उसने शव की पहचान होने पर एक लाख रुपये या अपना टेंपो हारने की बात तक कही, जिससे परिवार को उस पर शक गहराया।शिकायत में कहा गया है कि 30 सितंबर को पोस्टमार्टम के बाद नरेंद्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके बाद एक अक्तूबर की रात घर में चर्चा के दौरान आरोपी अंकुर ने कथित तौर पर जुए के पैसों के विवाद की बात स्वीकार करते हुए नरेंद्र को जग्गू घाट की नहर में धक्का देने की बात कही और माफी मांगी। आरोप है कि उसने कार्रवाई करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़िता का कहना है कि उन्होंने पहले ज्वालापुर पुलिस और बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर सुनवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!