
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस की सक्रियता से अपहृत किशोरी को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली।
पुलिस के मुताबिक 20 फरवरी को मितौली निवासी (उत्तर प्रदेश) वादी ने लिखित तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए तलाश अभियान चलाया।
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी सतीश पुत्र मोतीलाल, निवासी ग्राम गंगापुर, तहसील मिश्रिख, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) को चिन्हित कर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद किया।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण एवं दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। किशोरी को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान, महिला हेड कांस्टेबल उमा सरोहा व हेड कांस्टेबल संजय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान की भूमिका विशेष रूप से अहम रही।



