
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जेल से जमानत पर छूटने के महज 20 दिन के भीतर चार बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर वाहन चोर को रानीपुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई चारों बाइक भी बरामद कर ली हैं। आरोपित के खिलाफ हरिद्वार और मुजफ्फरनगर में पहले से 21 मुकदमे दर्ज हैं। चार नए मुकदमे जुड़ने के बाद उसकी संख्या 25 हो गई है। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने शाबाशी दी है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया था। रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में
गठित टीम ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। काफी मशक्कत के बाद एक संदिग्ध का हुलिया चिन्हित किया गया और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान औद्योगिक क्षेत्र चौक से विकास निवासी ग्राम झबरपुर, थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हाल ही में हुई बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई चार बाइक बरामद कर ली गईं।
जांच में सामने आया कि विकास एक आदतन वाहन चोर है। उसके खिलाफ रानीपुर, सिडकुल, बहादराबाद तथा मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में पहले से 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपित 15 मई को ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से वाहन चोरी शुरू कर दी और कुछ ही दिनों में चार बाइक चोरी कर लीं।
पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल विवेक गुंसाई, वीर सिंह, मंजीत राणा और प्रेम सिंह शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने वाहन चोरी की घटनाओं के सफल खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें शाबाशी दी।



