
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: हरिद्वार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत विजिलेंस ने एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य और उनके सहायक गौरव शर्मा को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पूर्ति कार्यालय परिसर में ही की गई, जिससे पूरे महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा एक राशन डीलर से किसी कार्य के एवज में ₹50,000 की अवैध मांग की जा रही थी। परेशान होकर पीड़ित राशन डीलर ने विजिलेंस विभाग से शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के अनुसार जैसे ही रिश्वत की रकम दी गई, टीम ने मौके पर ही अधिकारी और उनके सहायक को दबोच लिया। विजिलेंस ने आरोपियों के पास से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली है।
इस कार्रवाई से साफ है कि सरकार और विजिलेंस भ्रष्टाचार को लेकर किसी भी स्तर पर समझौता करने के मूड में नहीं हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। हरिद्वार जनपद में लगातार हो रही विजिलेंस की कार्रवाइयों से भ्रष्ट अधिकारियों में खौफ का माहौल बनता नजर आ रहा है।



