“पेपर लीक प्रकरण पर गरजी कांग्रेस, चंद्राचार्य चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन, हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर कड़ा हमला बोला। शुक्रवार को जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने चंद्राचार्य चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार का पुतला दहन कर हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि धामी सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक घटनाओं ने सरकार की कानून-व्यवस्था और नकल माफिया पर पकड़ पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह मांग अब केवल कांग्रेस की नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड के युवाओं की आवाज है। पूर्व विधायक रामयश सिंह और महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। पेपर लीक कांड से युवाओं में भारी आक्रोश है और सरकार तमाशबीन बनी हुई है।
वरिष्ठ नेता राजबीर सिंह और पूर्व प्रदेश महासचिव वरुण बालियान ने आरोप लगाया कि पेपर लीक प्रकरणों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता सामने आ रही है। सत्ता का संरक्षण मिलने से पेपर माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। पूर्व सभासद अशोक शर्मा और वरिष्ठ नेता मनोज सैनी ने कहा कि अपराधियों में सरकार का खौफ खत्म हो गया है। वहीं, वरिष्ठ नेता अनिल भास्कर और पूर्व पार्षद राजीव भार्गव ने चेताया कि धामी सरकार की धीमी गति ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है, और आने वाले विधानसभा चुनाव में नौजवान भाजपा को सबक सिखाने का काम करेंगे।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और शहर अध्यक्ष लता जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं असुरक्षित हैं और छात्रों का भविष्य अंधकार में है। ऐसे में इस सरकार का सत्ता में बने रहना उचित नहीं। पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान और वरिष्ठ नेता इरफान अंसारी ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए पेपर लीक मामले को धार्मिक रंग देने का प्रयास कर रही है। वहीं पार्षद विवेक भूषण विक्की और पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार ने कहा कि सरकार एक पेपर सुरक्षित ढंग से नहीं करा पा रही, ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना ही युवाओं के हित में है।
एससी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि और महानगर एससी विभाग अध्यक्ष अमित चंचल ने कहा कि भाजपा शासनकाल में दलित उत्पीड़न और महिला अपराधों में वृद्धि हुई है, जबकि पेपर लीक की घटनाएं सबसे ज्यादा इसी सरकार में हुई हैं।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना, पूर्व पार्षद इसरार अहमद, पार्षद हिमांशु गुप्ता, यूथ कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष नितिन तेश्वर, कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष नितिन यादव, उदयवीर सिंह चौहान, महिला कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष विमला पाण्डेय, अंजू द्विवेदी, प्रदेश महासचिव नलिनी दीक्षित, हिमांशु राजपूत, महानगर महासचिव तरूण व्यास, सीपी सिंह, पार्षद सोहित सेठी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।



