
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अमन गर्ग, जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह और उत्तराखंड चुनाव प्रबंधन समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने बुधवार को अपने पदभार ग्रहण के बाद शक्ति-पूजन के साथ जनसंपर्क की शुरुआत की। तीनों नेताओं ने शिव मूर्ति चौक पहुंचकर भगवान शिव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में शिव मूर्ति चौक से अपर रोड होते हुए हर की पैड़ी की ओर रवाना हुए। जुलूस में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व कांग्रेस सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा भी भगवान वाल्मीकि चौक पर जुलूस में शामिल हुए और भगवान वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। हर की पैड़ी पहुंचकर उन्होंने नए पदाधिकारियों के साथ गंगा पूजन और दुग्धाभिषेक किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. हरक सिंह रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि विश्व विख्यात कुंभ नगरी हरिद्वार में शराब कारोबार सनातन संस्कृति पर कलंक है। जो लोग स्वयं को सनातनी बताते हैं, वे ऐसा कैसे होने दे सकते हैं?
डॉ. रावत ने कहा कि उन्होंने गंगाजल को साक्षी मानकर संकल्प लिया है कि महिलाओं पर अत्याचार करने वाली, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली, किसानों को प्रताड़ित करने वाली और लोकतंत्र को कमजोर करने वाली भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि “पहाड़-मैदान की एक ही आवाज है—लोकतंत्र की रक्षा।”
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर लगना होगा और संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना होगा। कार्यक्रम में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान, विमला पांडेय, अंजु द्विवेदी, शशि झा, नलीनि दीक्षित, दीपिका गुप्ता, वरुण बालियान, महेश प्रताप राणा, मनोज सैनी, अरविंद शर्मा, अशोक शर्मा, सोम त्यागी, मनीष गुप्ता,
आशीष प्रधान, भूपेंद्र पटुवर, याज्ञिक वर्मा, इसरार सलमानी, इरफान अंसारी, अनिल भास्कर, विभाष मिश्रा, राजन कौशिक, नितिन तेश्वर, उपेंद्र कुमार, ओपी चौहान, पूर्व पार्षद राजीव भार्गव, पार्षद हिमांशु गुप्ता, पार्षद विवेक भूषण विक्की, बीएस तेजियान, पार्षद महावीर वशिष्ठ, सोहित सेठी, राजीव पाराशर, ग्रेस कश्यप, कैश खुराना, अजय गिरी, दीपकमणी गुप्ता, अरविंद अग्रवाल बबली, महेश दास, राघव मित्तल, शरद अग्रवाल, सन्नी सक्सेना, अमन चौहान, अमन शर्मा, मधु शर्मा, गौरव गोस्वामी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



