जिला न्यायालय परिसर में फूटा कोरोना बम, कई जज समेत 75 न्यायकर्मी संक्रमित…
कई न्यायालयों में ऑनलाइन कामकाज पर भी गहराया संकट,, लक्षण दिखने पर लिए गए थे 155 न्यायिक अधिकारियों व कर्मचारियों के सैंपल..
पंच 👊 नामा
सुल्तान, हरिद्वार: सुरसा के मुंह की तरह फैलते जा रहे कोरोना ने अब न्याय क्षेत्र पर धावा बोल दिया है। रोशनाबाद स्थित जिला न्यायालय परिसर में कई जज समेत कुल 75 न्याय कर्मी संक्रमित पाए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारियों व कर्मचारियों के पुराना संक्रमित आने से हड़कंप मच गया है। न्यायिक अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पेशकार, अर्दली व लिपिक स्टाफ कोरोना की चपेट में आने में के चलते अब कई न्यायालयों में ऑनलाइन कामकाज पर भी संकट गहरा गया है।
सूत्र बताते हैं कि न्यायालय में कुछ न्यायिक अधिकारियों को बुखार आने के बाद कोरोना के लक्ष्ण महसूस हुए जिसके बाद एहतियात के तौर पर कोरोना जांच कराई गई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 155 न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों के सैंपल लिए थे। इनमें कुल 75 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को आइसोलेट कर दिया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए काफी दिन से न्यायालयों में ऑनलाइन कामकाज ही चल रहा था। लेकिन अब चिंता की बात यह है कि कई न्यायालयों में जज से लेकर निचला स्टाफ तक कोरोना संक्रमित पाया गया है, जिससे इन न्यायालयों में ऑनलाइन कामकाज होना भी मुश्किल नजर आ रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुमार खगेन्द्र सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कोरोना संक्रमित पाए गए न्यायिक अधिकारियों व कर्मचारियों को आइसोलेट कर दिया गया है। जरूरत पड़ी तो कंटेनमेंट जोन भी बनाया जा सकता है।
गौरतलब है कि जनपद में कोरोना का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। 2 दिन पहले शिवालिक नगर पालिका के काफी कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इससे पहले थाने कोतवाली में भी कोरोना अपना प्रकोप दिखा चुका है।