पहले ही फैसले पर बैकफुट पर दरगाह प्रशासन, सभी बुज़ुर्ग कर्मचारी बहाल..
उम्र का हवाला देकर निकाले गए थे 9 बुज़ुर्ग कर्मचारी, दागियों पर नहीं टूट रही चुप्पी..

पंच👊नामा
पिरान कलियर: बुजुर्ग कर्मचारियों को उम्र का हवाला देते हुए अचानक सेवा समाप्त करने के मामले में दरगाह प्रशासन करीब 20 दिन बाद ही बैकफुट पर आकर सभी हटाए गए कर्मियों की सेवा को बहाल करना पड़ा।

जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में अग्रिम आदेशो तक दरगाह प्रबंधक ने हटाए गए 9 कर्मचारियों की सेवा बहाल का आदेश जारी किया है। जिसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।

दरअसल करीब 20 दिन पहले दरगाह प्रबंधक रजिया खान में वक्फबोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी व रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन का हवाला देते हुए 65 वर्ष से अधिक आयु वाले 9 कर्मचारियों को सेवा से पृथक किया था, ये कर्मचारी पिछले लंबे अरसे से दरगाह में सेवा को अंजाम दे रहे थे। अचानक हटाए जाने से सभी कर्मचारी आहत थे, और उच्चाधिकारियों से गुहार लगा रहे थे।

गौरतलब है कि पिरान कलियर स्थित दरगाह कार्यालय में तैनात 9 कर्मचारियों को 65 वर्ष आयु पूर्ण होने का हवाला देते हुए अचानक हटाया गया था।

जिनमे साबरी जामा मस्जिद के पेश इमाम हाफिज अब्दुल वाहिद, हाफिज जफर अहमद, वाद पैरोकार मुमताज अली, मौअज्जन अब्दुल सलाम, नायब मौअज्जन मोहम्मद अली व सेवक मुन्ना खान, अहमद हुसैन, नसरुद्दीन, अनवरी शामिल थी। ये सभी कर्मचारी पिछले लंबे अरसे से दरगाह में सेवा देते आरहे थे।

अचानक हटाए जाने स्व सभी कर्मचारी आहत थे और उच्चाधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगा रहे थे। अब दरगाह प्रबंधक रजिया खान ने एक आदेश जारी करते हुए सभी 9 कर्मचारियों की सेवा बहाल की है। आदेश में कहा गया है कि जिलाधिकारी हरिद्वार के आदेश के अनुपालन में कर्मचारियों की अग्रिम आदेशो तक सेवा बहाल की जाती है। दरगाह प्रबंधक रजिया खान ने बताया जिलाधिकारी हरिद्वार के आदेश पर हटाए गए 9 कर्मचारियों की सेवा बहाल की गई है।
———————————————————–

दागियों पर कब होगी कार्रवाई…..?
अक्सर दरगाह कर्मियों पर भृष्टाचार के आरोप लगते रहे है, जायरीनों से ठगी से लेकर अन्य व्यवस्थाओं में लापरवाही के कारण कई कर्मचारियों पर कार्रवाई भी हो चुकी है, क्षेत्र में चर्चाएं व्याप्त है कि बुजुर्ग कर्मचारियों पर हंटर चलाने वाले अधिकारी दागी कर्मचारियों पर कब कार्रवाई करेंगे।