हरिद्वार देहात में सुराज सेवा दल की आंधी, जनसभा में सैकड़ों ने ली सदस्यता…
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: उत्तराखंड के प्रमुख सामाजिक संगठन सुराज सेवा दल की ओर से हरिद्वार देहात क्षेत्र में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया।जिसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने जनसभा को संबोधित करते हुए सुराज सेवा दल के उद्देश्यों और भविष्य की रणनीति पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य लक्ष्य पूर्ण सुराज की स्थापना करना है।
जिसमें भ्रष्टाचार मुक्त शासन, पारदर्शिता, और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शासन व्यवस्था आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और भ्रष्टाचार चरम पर है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे संगठित होकर इस व्यवस्था के खिलाफ आवाज़ उठाएं।
जनसभा के दौरान कई वक्ताओं ने स्थानीय मुद्दों को उठाया, जिनमें ग्रामों में मूलभूत सुविधाओं की कमी, रोजगार के अवसरों की कमी और शिक्षा व्यवस्था की खामियां प्रमुख रहीं।
सभा में भाग लेने वालों में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी ने यह दर्शाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब बदलाव की लहर तेज़ हो रही है।
अंत में संगठन ने आने वाले समय में जनजागरण अभियान चलाने और हर गांव तक सुराज सेवा दल की पहुंच सुनिश्चित करने की घोषणा की।