“इमैक समिति” ने मलिन/निर्धन बस्तियों में रहने वाले बच्चों के साथ मनाया प्रकाश पर्व..
बच्चों को बताया दीपावली का महत्व, बांटे उपहार..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: इमैक समिति ने इस बार दीपावली का पर्व अलग अंदाज में मनाया। समिति के सदस्य नमामि गंगे, चंडी घाट पर हर रविवार को ज्ञान और मस्ती की पाठशाला लगाते हैं जिसमे आसपास के मलिन एवं निर्धन बस्तियों में रहने वाले बच्चे आते हैं। इस बार समिति ने सोचा कि क्यों न वहां पर अभावग्रस्त जीवन जी रहे परिवारों के बच्चों के साथ ही दीपावली का पर्व मनाया। उन परिवारों के बच्चों को सबने मिलकर दीवाली का महत्व बताया और क्यों भारत में दीवाली मनाई जाती है ये भी बताया। इस दीपों के महापर्व के उपलक्ष्य में बच्चों को मिठाई, उपहार स्वरूप बर्तन, दीपक आदि सामान भी भेंट किया। उपहार देख बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
सबने समिति के लोगों के साथ हंसी-खुशी दीपावली का आनंद लिया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष आशीष कुमार झा ने कहा कि समिति की ओर से समय समय पर प्रयास किया जाता है की जरूरत मंदो को सहयोग प्रदान किया जाए। हमारी कोशिश यही रहती है कि घाट के आसपास रहने वाले बच्चों के साथ खुशियां बांटी जाएं और बच्चों को ज्ञान का संचार किया जाए। इन बच्चों को आत्मनिर्भर बनाया जाए। समिति की सचिव डॉ मौसमी गोयल जी ने बच्चों से प्रण करवाया कि प्रत्येक रविवार उनको इस कक्षा में आना है और शिक्षा के प्रति अपना मन साधना है जिससे आगे चल कर वे सभी एक उज्ज्वल भविष्य प्राप्त कर सकें।
कोषाध्यक्ष विभव भटनागर ने बताया कि कई परिवार आर्थिक तंगी के चलते त्योहारों की खुशी से अछूते रह जाते हैं। ऐसे लोगों के बीच जा कर हम सबको खुशियां बांटनी चाहिए। इमैक की युवा टीम से अनन्या भटनागर ने बच्चों को राम स्तुति सुना कर समझाया कि राम जी के अयोध्या आने की खुशी में दीवाली बनाई गई थी।
बच्चों ने कविता सुनाई और ड्राइंग भी बनाई। इस अवसर पर गंगा विचार मंच के जिला सह संयोजक आचार्य लव नाथ जी, जी बी एम ग्रुप के आदित्य उपाध्याय जी और विपिन शर्मा जी भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी बच्चों से बात कर खुशी का अनुभव किया और बताया कि इमैक समिति का ये प्रयास अत्यंत सराहनीय और प्रशंसनीय है।
इस कार्यक्रम की संयोजिका आस्था गोयल और स्वाति उपाध्याय ने सभी का आभार व्यक्त किया। समिति की तरफ से सुनीता झा, हेमा भंडारी, आशा चौधरी, श्वेता भटनागर, राघव बत्रा, वंशिका खंडूजा, रुचि डबराल, शुभांशु, साहिल, कुशहाल आहूजा, आरती राजपुत, दीपिका राजपुत, कुणाल कोरी, गौरी सिंगला आदि भी उपस्थित रहे।