
पंच👊नामा
नितिन गुड्डू, हरिद्वार: जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में चंद घंटों के भीतर ताई-भतीजे सहित पांच लोगों की मौत हो गई। दर्दनाक हादसा लक्सर क्षेत्र में हुआ। जहां एक पिता अपनी पांच साल की मासूम बेटी और पड़ोसी के बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए निकला था। अवैध खनन से लदे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में ग्रामीण और पड़ोसी के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मृतक की घायल बेटी को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने हंगामा भी किया।
दूसरा हादसा पथरी क्षेत्र में हुआ। जहां बाइक और डीसीएम की टक्कर में ताई-भतीजे की मौत हो गई। जबकि एक अन्य रिश्तेदार महिला घायल हो गई। तीसरा हादसा श्यामपुर क्षेत्र में हुआ।
यहां कार की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और आसमान से आग बरस रही है। जैसे-जैसे पारा बढ़ रहा है वैसे-वैसे सड़के खून से लाल होती जा रही हैं।
———————————————————
“केस नम्बर-1…….
भोगपुर टांडा गांव निवासी कृष्णपाल अपना स्कूल चलाते हैं। मंगलवार की सुबह वह अपनी पांच वर्षीय बेटी श्रुति और अपने पड़ोस में रहने वाले बंटी के पांच वर्षीय बालक को लेकर बाइक से स्कूल जा रहे थे। रास्ते में वे सामने से खनन सामग्री से लदे अनियंत्रित गति से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गए।
जिस पर कृष्णपाल व पड़ोसी बालक की मौत हो गई। बालिका को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। हादसे की खबर पर लक्सर कोतवाल अमरजीत सिंह मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। की पुलिस टीम आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है।
————————————————————
“केस नम्बर 2…..
क्षेत्र के शेरपुर में बाइक सवार युवक और 2 महिलाओं को डीसीएम ने टक्कर मार दी। फेरुपुर चौकी प्रभारी विजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जगजीतपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाला राजा पुत्र जोगिंद्र 19 वर्ष बाइक पर अपनी ताई लक्ष्मी व एक अन्य रिश्तेदार महिला के साथ किसी काम से जा रहा था। शेरपुर गांव के पास डीसीएम की टक्कर से उसकी मौत हो गई। जबकि दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद उसकी ताई लक्ष्मी ने भी दम तोड़ दिया।
————————————————————
“केस नम्बर 3…..
तीसरा हादसा श्यामपुर थाना क्षेत्र के गाजीवाला मेन हाइवे पर हुआ। थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि एक कार व एक मोटर साइकिल की टक्कर हो गई थी। हादसे में निर्मला देवी पत्नी गविंद्र सिंह निवासी वार्ड नम्बर 4 चंडी प्लांटेंशन डोईवाला देहरादून घायल हो गई।
उन्हें जिला अस्पताल हरिद्वार ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कार चालक हिमांशु सिंह बिष्ट पुत्र शेर सिंह बिष्ट निवासी ग्राम हिमखोला थाना धारचूला जिला पिथौरागढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।