देहरादून पुलिस लाइन में लिटिल फिट संस्था का भव्य कवि सम्मेलन, पूर्व मुख्यमंत्री ‘निशंक’ रहे मुख्य अतिथि..
हास्य से भरे मंच पर कवियों की चमक, पुलिसकर्मियों और परिवारों के लिए यादगार शाम..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की पुलिस लाइन में एक बेहद भव्य और संगीतमय साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के नामचीन कवियों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से समा बांधा। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन लिटिल फिट संस्था ने किया, जिसके संस्थापक डॉ. अभिनव तोमर और कोषाध्यक्ष-संयोजक डॉ. (कवि) रजनी चौहान हैं। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. पोखरियाल, डॉ. तोमर और डॉ. चौहान द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दोनों आयोजकों ने मुख्य अतिथियों का स्वागत पुष्पमालाओं और बुके भेंट कर किया।
इस अवसर पर डॉ. अभिनव तोमर, जो कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़ौत से हैं, और उनकी सहयोगी डॉ. रजनी चौहान के सौजन्य से यह विशेष कवि सम्मेलन पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए समर्पित था। संस्था द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजक था, बल्कि एक सामाजिक जुड़ाव और सराहना का प्रतीक भी बन गया।
————————————-
हास्य से भरे मंच पर दिग्गज कवियों की उपस्थिति….कार्यक्रम में मंच की शोभा बढ़ाने वाले कवियों में एलेश अवस्थी, विनोद पाल (हास्य कवि) डॉ. निखिल चौहान, प्रीति पांडे, अकबर ताज, गौरव बंसल आदि शामिल रहे। इनमें से कई कवियों ने लोकप्रिय टीवी मंच “वाह! वाह! क्या बात है!” पर भी प्रस्तुति दी है।
—————————————-
पूर्व मुख्यमंत्री की सराहना….मुख्य अतिथि डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने संस्था के प्रयासों की खुलकर सराहना करते हुए डॉ. अभिनव तोमर और डॉ. रजनी चौहान को साधुवाद दिया और आशा व्यक्त की कि संस्था आगे भी ऐसे सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों का सिलसिला जारी रखेगी।
—————————————-
सम्मान और आभार…..कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी कवियों और विशिष्ट अतिथियों को डॉ. निशंक एवं संस्था के प्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया। डॉ. रजनी चौहान और डॉ. अभिनव तोमर ने देहरादून में मिले अपार स्नेह और समर्थन के लिए आयोजकों और दर्शकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस पूरे आयोजन को एक यादगार शाम में तब्दील करने के लिए डॉ. अभिनव तोमर और डॉ. रजनी चौहान को सभी ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।