
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बहादराबाद थाना क्षेत्र के गांव मरगूबपुर में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। पहले एक महिला ने कुल्हाड़ी से अपने पति की हत्या कर डाली। इसके बाद गुस्से में आए बेटे ने अपनी सौतेली मां का गला दबाकर हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात है कि बेटे ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को इस पूरी घटना की जानकारी दी। जिस से हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस गांव पहुंच गई है और हत्याकांड के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, तोहिद पुत्र इनामुल हक उम्र 22 वर्ष निवासी मरगूब पुर थाना बहादराबाद पहुंचा और पुलिस को बताया कि मेरे पिता इनामुल हक और मेरे सौतेली मां सितारा के बीच झगड़ा होने पर मेरी सौतेली मां ने मेरे पिता इनामुल हक को कुल्हाड़ी से गले पर वार करके मार दिया था।
इस पर मैंने अपनी सौतेली मां शितारा को गला घोट कर मार दिया है।
युवक की बात सुनकर पुलिस हैरान रह गई। बहादराबाद थानाध्यक्ष नितेश शर्मा पुलिस बल लेकर आनन-फानन में गांव पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। गांव जाकर पता चला कि इनामुल हक खेती बाड़ी करता है और गांव में परचून की दुकान भी चलाता था।
छानबीन में पता चला कि इनामुल हक की पहली पत्नी इमराना की 10 वर्ष पहले बीमारी से मृत्यु हो गई थी, इनामुल हक ने 2 वर्ष पूर्व ही सितारा निवासी सहारनपुर से दूसरी शादी की थी। वह लुधियाना में रहती है।
शनिवार देर रात सितारा अपना कुछ सामान लेकर मरगूबपुर पहुंची और सुबह प्रातः ही बच्चों से झगड़ा करने लगी। इनामुल हक के के बीच-बचाव करने पर उसने कुल्हाड़ी से इनामुल हक के गले पर वार करके उसको मार दिया। उसके बाद तोहीद आक्रोशित होकर वही रखे तकिया और चुन्नी से सितारा का गला घोट कर मार डाला।
हत्याकांड की सूचना पर एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह व एएसपी रेखा यादव ने भी गांव पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस कप्तान डॉक्टर योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी हासिल की।