
पंच👊🏻नामा-ब्यूरो
विकास कुमार/अरशद ख्वाजा, हरिद्वार: एक ढाबा संचालक ने खानाबदोश महिला को आठ महीने तक लिव इन में रखा और उससे अपने ढाबे पर बर्तन धुलवाने का काम कराया। किसी बात को लेकर कहासुनी हुई तो महिला ने जंगल में जाकर फांसी लगा ली।

ढाबा संचालक ने अपना गुनाह छिपाने के लिए उसका शव पेड़ से उतारकर गंगा में बहा दिया। लेकिन एक फोन कॉल आने के बाद हरकत में आई पुलिस ने पूरी कहानी सामने लाकर रख दी।श्यामपुर थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर न सिर्फ महिला का शव ढूंढ निकाला।

बल्कि वादी बनकर मुकदमा दर्ज करते हुए मूलरूप से चंपावत निवासी आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अजय सिंह ने श्यामपुर पुलिस को शाबाशी दी है।

—————————————-
“112 पर मिली थी सूचना….
कांगड़ी निवासी एक व्यक्ति ने डायल -112 पर सूचना दी कि कांगड़ी श्यामपुर स्थित ढ़ाबे के संचालक केदार सिंह ने एक महिला की हत्या करने के बाद शव को कांगड़ी के जंगल में छिपा रखा है।

एसओ श्यामपुर विनोद थपलियाल ने आला अधिकारियों को जानकारी दी। एसएसपी अजय सिंह ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर सत्यता का पता लगाने के निर्देश दिए।
—————————————-
“ढाबे पर हुई थी मुलाकात..

पुलिस टीम ने आरोपी ढाबा संचालक केदार सिंह रावत से पूछताछ की तो उसने बताया कि करीब 08 महीने पहले खानाबदोश महिला उम्र 45 वर्ष से ढाबे पर उसकी मुलाकात हुई थी। महिला का कोई परिजन नहीं था, इसलिए दोनों लिव-इन रिलेशन में रहने लगे। महिला उसके ढाबे पर बर्तन आदि धोने का काम कर रही थी।

बदले में केदार उसकी खाने-पीने व बाकी जरूरत पूरी करता था। रविवार 23 अप्रैल की सुबह नाश्ते को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। जिस पर महिला ने नाराज होकर कांगड़ी के जंगल में पेड़ पर फांसी लगाते हुए खुदकुशी कर ली।

पता चलने पर केदार को लगा कि महिला काफी दिन से उसके ढाबे पर काम कर रही थी, इसलिए हत्या या आत्महत्या का इल्जाम उसी के सिर आएगा। इसलिए उसने शव को पेड़ से उतारकर नहर में फेंक दिया।
—————————————-
“पेड़ में फंसे मिले बाल…
पुलिस टीम ने आरोपी को साथ में ले जाकर जंगल में सर्च आप्रेशन चलाया। एक पेड़ में महिला के बाल फंसे हुए मिले। आस-पास खोजने पर भी महिला का शव नहीं मिला। अन्य टीम ने नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो महिला का शव काफी सड़ी गली अवस्था में गुज्जरबस्ती गैंडीखता में नहर में मिला।तत्काल पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गई। जिसमें मृत्यु का कारण फांसी लगाने से होना पाया गया। पुलिस ने आरोपी केदार सिंह रावत पुत्र जोड़ सिंह निवासी ग्राम रिया रुइया थाना व जिला चंपावत हाल निवासी ग्रीन पंजाबी ढाबा कांगड़ी थाना श्यामपुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, साक्ष्य मिटाने के संबंध में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
——————
एसएसपी ने दी पुलिस टीम को शाबाशी
एसएसपी अजय सिंह ने सूचना का तत्काल संज्ञान लेकर पूरी गहराई से पड़ताल करते हुए खुलासा करने पर पुलिस टीम को शाबाशी दी है। पुलिस टीम में श्यामपुर थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल, चंडीघाट चौकी प्रभारी अंशुल अग्रवाल, उप निरीक्षक शशिभूषण, उपनिरीक्षक विनय द्विवेदी, महिला उपनिरीक्षक राखी रावत, कांस्टेबल रमेश, भारत और प्रमोद शामिल रहे।